जिला सिरमौर के रहने वाले है दो आरोपी
HNN/ सोलन
जिला सोलन के उपमंडल कंडाघाट के चायल में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। बता दें आरोपियों ने पीड़िता के पति को पेड़ से बांधकर उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म किया है। आरोपियों की पहचान वीरेंद्र, चमन और योगेंद्र के रूप में हुई है। शुरुआती जांच के मुताबिक तीन आरोपियों में से दो सिरमौर के रहने वाले है, जबकि एक स्थानीय है।
वारदात को नशे में धुत्त होकर अंजाम दिया गया। घटना के बाद पीड़िता ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 376 (डी) के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। तीनों आरोपियों को कंडाघाट की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 28 अक्तूबर तक का पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि दोनों पति-पत्नी दशहरा देखने चायल गए हुए थे। उन्होंने बताया कि वापिस लौटते वक्त चार लोगों ने उन्हें रोक लिया। चौथा व्यक्ति साथियों को दुष्कर्म न करने के लिए समझाता रहा पर वो उसे भी गालियां देने लगे।
इस दौरान तीन आरोपियों ने महिला के पति को दुपट्टे से पेड़ से बांध लिया। तीन आरोपियों ने बारी-बारी पीड़िता से दुष्कर्म किया। बता दें कि पीड़िता पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी की रहने वाली है। सोलन के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा ने खबर की पुष्टि की है।

