हिमाचल में बदले की राजनीति और अत्याचार की सरकार चला रही कांग्रेस, भाजपा नेताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज कर लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा : डॉ. राजीव बिंदल
हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में पिछले लगभग चार वर्षों से बदले की भावना, राजनीतिक प्रतिशोध और अत्याचार की राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को ताक पर रखकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज कर लोकतंत्र का गला घोंटने का काम कर रही है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू जहां-जहां चुनावों में जनता का विश्वास खो रहे हैं और कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ रहा है, वहां भाजपा नेताओं पर मुकदमे दर्ज कर राजनीतिक प्रतिशोध लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के जनादेश को स्वीकार करने के बजाय कांग्रेस सरकार बदले की राजनीति कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि धर्मशाला नगर निगम में भाजपा की महापौर और उपमहापौर पद पर जीत के बाद भाजपा विधायक सुधीर शर्मा पर मुकदमा दर्ज किया गया। इसी प्रकार देहरा विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की हार के बाद भाजपा नेता होशियार सिंह को निशाना बनाया गया। हमीरपुर जिला परिषद चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत के बाद विधायक आशीष शर्मा सहित अन्य नेताओं पर भी मुकदमे दर्ज किए गए। वहीं, सोलन नगर निगम में भाजपा की सफलता के बाद भाजपा पार्षदों को भी राजनीतिक द्वेष का शिकार बनाया गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार सुनियोजित तरीके से भाजपा नेताओं को झूठे मामलों में फंसाकर लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच मजबूती से खड़ा है और कांग्रेस की प्रतिशोध की राजनीति से डरने वाला नहीं है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, रोजगार और जनहित के मुद्दों पर पूरी तरह विफल रही है तथा अपनी नाकामियों से ध्यान हटाने के लिए राजनीतिक विरोधियों पर मुकदमे दर्ज करने का सहारा ले रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में हिमाचल की जनता कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाते हुए भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट जनादेश देगी।