हिमाचल में बरामद हुए 6 और शव, मलबे में दबे हुए अन्य लोगों की तलाश जारी….
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के में शवों के मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। बता दें शिमला, मंडी और हमीरपुर में शुक्रवार को छह और शव मिले। हालांकि अभी भी मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है, जिनकी तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, राजधानी शिमला के समरहिल शिव मंदिर में भूस्खलन में दबे दो और शव मिल गए हैं। मृतकों की संख्या 16 पहुंच गई है। पांच लोग अभी भी लापता हैं। उपमंडल नादौन के गांव रैल में ब्यास नदी में बही महिला का शव शुक्रवार को कांगड़ा के हरिपुर में बरामद हुआ है। महिला की पहचान शारदा कुमारी (50) पत्नी रामश्रवण निवासी गांव रैल के रूप में हुई।
उपमंडल सुंदरनगर स्थित बीएसएल नहर में एक युवक का शव बरामद हुआ है। शव की पहचान नहीं हो सकी है। शव किसी आसपास के क्षेत्र के युवक का है या फिर कुल्लू जिले में आई बाढ़ के बाद बह कर यहां पहुंचा है, इसको लेकर अभी संशय बना हुआ है। वहीं, सांबल पंडोह में बादल फटने के बाद लापता दो प्रवासी मजदूरों के शव भी बरामद हो गए हैं।