हिमाचल में बैंक के सहायक प्रबंधक पर 16.80 लाख की धोखाधड़ी का मामला दर्ज
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश राज्य को-ऑप्रेटिव बैंक लिमिटेड जिला ऑफिस कसुम्पटी शिमला के जिला प्रबंधक ने बैंक के सहायक प्रबंधक के खिलाफ 16.80 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज करवाया गया है।
आरोपी की पहचान सहायक प्रबंधक जितेंद्र धीमान पुत्र शंभू राम निवासी गांव धार डाकघर चौवार तहसील आनी जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता 406, 408, 420, 468 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सहायक प्रबंधक ने लगभग 16.80 लाख की धोखाधड़ी की है। बता दें कि बैक के 9 ग्राहकों की शिकायत पर इस तरह की कार्यवाही हुई है। बैंक के 9 ग्राहकों ने सहायक प्रबंधक पर अपने ऋण खातों में 1680314 रुपए के लेन-देन में धोखाधड़ी करने व इन पैसों का गबन करने पर आपत्ति जताई है।