हिमाचल में मुख्य शिक्षक ने चार नाबालिग छात्राओं से की छेड़छाड़, गिरफ्तार
HNN/ मंडी
जिला मंडी के जोगिंद्रनगर क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल की चार छात्राओं से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने स्कूल के मुख्य शिक्षक को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक, 51 वर्षीय के मुख्य शिक्षक पर स्कूल की चौथी, पांचवीं और छठी कक्षा की चार छात्राओं के साथ छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं।
पीड़ित छात्राओं के अभिभावकों की शिकायत पर पुलिस ने पोक्सो एक्ट में मामला दर्जकर आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। न्यायालय में पीड़ित छात्राओं के बयान कलमबद्ध किए जाएंगे। बताया जा रहा है कि आरोपी मुख्य शिक्षक मंडी जिला के बल्ह, गोहर, जंजैहली में सेवाएं दे चुका है।
उधर, मामले की पुष्टि करते हुए साक्षी वर्मा पुलिस अधीक्षक मंडी ने बताया कि जोगिंद्रनगर क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में नाबालिग छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोप में स्कूल के मुख्य शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज हुआ है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। पीड़ित छात्राओं के बयान भी न्यायालय के समक्ष दर्ज होंगे।