हिमाचल में लगातार बढ़ रहा सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ, दस माह में पेश आए…
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। प्रदेश में आए दिन सड़क हादसे पेश आ रहे हैं जिसमें लोग अपनी जान गवां रहे हैं। हालांकि, पुलिस प्रशासन द्वारा जगह-जगह स्थानों पर नाकाबंदी कर बिगड़ैल वाहन चालकों पर शिकंजा भी कसा जा रहा है। बावजूद इसके वाहन चालक यातायात नियमों की अवहेलना करने से भी बाज नहीं आ रहे हैं। दुर्भाग्यवश उन्हें सड़क दुर्घटना का शिकार होना पड़ता है।
इसी साल अब तक हजारों सड़क दुर्घटना हुई जिसमें कई घरों के चिराग बुझ चुके हैं। इस साल दस माह के भीतर यानी अक्तूबर तक प्रदेश में 2152 सडक़ हादसे पेश आये है। इनमें 866 लोगों की मौत हुई है जबकि 3401 घायल हुए। इस दौरान सबसे अधिक सडक़ दुर्घटनाएं जिला कांगड़ा में दर्ज की गई हैं, जहां यह आंकड़ा 341 तक जा पहुंचा है।
इसके अलावा शिमला 297, मंडी 273, सिरमौर 217, ऊना 190, कुल्लू 185, बिलासपुर 144, सोलन 141, हमीरपुर 94, चंबा 84, किन्नौर 32 और लाहुल-स्पीति में 25 सडक़ हादसे दर्ज किए गए हैं। बड़ी बात यह है कि प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला निरंतर जारी है। कभी तेज रफ्तारी तो कभी अन्य कारणों के चलते वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। इतना ही नहीं सड़क क्रॉस करने वाले और राहगीरों को भी वाहन चालक अपनी चपेट में ले कर उन्हें मौत की नींद सुला रहे हैं।