Loading...

हिमाचल में लोकतंत्र नहीं, प्रतिशोध की राजनीति चल रही, विपक्ष को दबाने के लिए प्रशासन का हो रहा दुरुपयोग : जयराम ठाकुर

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हिमाचल नाऊ न्यूज शिमला

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश में लोकतांत्रिक मूल्यों के बजाय प्रतिशोध की राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं, विधायकों, जिला परिषद सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों और विपक्ष से जुड़े लोगों को चुन-चुनकर झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है तथा प्रशासन का दुरुपयोग किया जा रहा है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद विकास कार्यों और जनहित के संस्थानों को बंद करने के साथ-साथ राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने का सिलसिला शुरू हुआ। उन्होंने दावा किया कि जो भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है, उसके खिलाफ किसी न किसी रूप में कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय निकाय और जिला परिषद चुनावों में भाजपा की जीत के बाद कांग्रेस सरकार बौखला गई है। जनता के जनादेश को स्वीकार करने के बजाय विजयी जनप्रतिनिधियों को नोटिस देकर और जांच के नाम पर परेशान किया जा रहा है।

उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, विधायक सुधीर शर्मा, होशियार सिंह, आशीष शर्मा, पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी सहित कई नेताओं के खिलाफ दर्ज मामलों का भी उल्लेख किया।नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है।

हत्या, गोलीबारी और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर सरकार गंभीर नहीं दिखती, जबकि राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पूरी प्रशासनिक मशीनरी सक्रिय रहती है। उन्होंने पुलिस विभाग के हार्मनी ऑफ पाइंस ऑर्केस्ट्रा विवाद और फोन टैपिंग जैसे मुद्दों की निष्पक्ष जांच की भी मांग की।जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा प्रदेशभर से कांग्रेस सरकार के कथित भ्रष्टाचार, वित्तीय कुप्रबंधन, सत्ता के दुरुपयोग और जनविरोधी निर्णयों से जुड़े मामलों का दस्तावेजी संकलन कर रही है।

इन तथ्यों को विस्तृत चार्जशीट के रूप में जनता के सामने रखा जाएगा तथा गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाकर सरकार की नीतियों को उजागर किया जाएगा।उन्होंने अधिकारियों से राजनीतिक दबाव से दूर रहकर निष्पक्षता के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन का दायित्व कानून का शासन स्थापित करना है, किसी राजनीतिक दल के हितों की रक्षा करना नहीं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज़ दबाकर और झूठे मुकदमे दर्ज कराकर जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता। उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रतिशोध की राजनीति छोड़कर जनहित के मुद्दों पर काम करने की सलाह दी और कहा कि यदि सरकार ने अपना रवैया नहीं बदला तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता इसका जवाब देगी।

Related Topics: