Loading...

हिमाचल में 22 वर्षीय युवक की चाकू घोंप कर हत्या, 4 युवक गिरफ्तार

Ankita • 24 Jun 2024 • 1 Min Read

HNN/ चंबा

जिला चंबा में एक युवक की छाती में चाकू घोंप कर हत्या कर दी गई है। मृतक युवक की पहचान 22 वर्षीय निखिल निवासी मैहला, नूरपुर (कांगड़ा) के रूप में हुई है।हत्या के आरोप में चार युवकों को हिरासत में लिया गया है। जबकि एक फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।

गिरफ्तार किए गए युवकों में अंकु गांव कामण डाकघर गाहर, अतुल निवासी चुवाड़ी और विनय निवासी कामण शामिल हैं। इसके अलावा एक नाबालिग है। विशाल निवासी लाहड़ी अभी फरार है। पुलिस द्वारा उसकी तलाश की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, निखिल अपने चार दोस्तों के साथ चुवाड़ी छिंज मेला देखने आया था। रविवार शाम को लौटते समय पेट्रोल पंप के पास गाड़ी को ओवरटेक कर रहे युवकों के साथ उनकी बहस हो गई। देखते ही देखते बात मारपीट तक पहुंच गई।

इस दौरान लोगों ने दोनों पक्षों में सुलह करवाकर उन्हें वहां से भेज दिया। इसके बाद चुवाड़ी-पठानकोट सड़क पर जतरून में दोनों पक्षों में फिर बहस हो गई। इतने में एक युवक ने चाकू निकाल कर निखिल की छाती में घोंप दिया और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया।

जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। चाकू लगने से जख्मी हुए निखिल को उसके दोस्त नूरपुर अस्पताल ले गए। वहां से परिजन उसे अमृतसर ले गए, यहां अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। अभिषेक यादव एसपी चंबा ने मामले की पुष्टि की है।