19 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, चिट्टे की ओवरडोज की आशंका
HNN/ मंडी
जिला मंडी में एक युवक की संदिग्ध मौत हो गई है। मृतक की पहचान आर्यन ठाकुर 19 पुत्र जगदीश ठाकुर गांव एवं डाकघर सदयाणा तहसील मंडी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में चिट्टे की ओवरडोज से मौत होनी पाई जा रही है। परिजनों ने मौत पर किसी भी तरह का शक न होने का हवाला देते हुए शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाया। पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, आर्यन अपने एक दोस्त के क्वार्टर चंद्रलोक मंडी पहुंचा था। यहां वह नशे की हालत में था और ठीक से बैठ नहीं पा रहा था। अगले दिन आर्यन के नाक और मुंह से झाग निकली हुई थी और वह हिल डुल नहीं रहा था। जिसके बाद उसे उपचार के लिए जोनल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बता दें युवक मंडी जिले की अभिलाषी यूनिवर्सिटी चैलचौक में पढ़ रहा था। इससे पहले युवक चंडीगढ़ में था और चार महीने पहले ही आया था। बताया जा रहा है कि युवक को नशे की लत चंडीगढ़ में लगी थी। एएसपी सागर चंद्र ने खबर की पुष्टि की है।