2027 तक देश का पहला शत-प्रतिशत पेयजल और सिंचाई सुविधा वाला विधानसभा क्षेत्र बनेगा हरोली: उपमुख्यमंत्री

2027 तक हरोली विधानसभा क्षेत्र को देश का पहला शत-प्रतिशत पेयजल और सिंचाई सुविधा से संपन्न क्षेत्र बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस दिशा में योजनाबद्ध और चरणबद्ध तरीके से बड़े विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

हर घर-आंगन और हर खेत तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वर्ष 2027 तक हरोली विधानसभा क्षेत्र के हर घर, हर आंगन और हर खेत तक पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए पेयजल और सिंचाई योजनाओं पर एक साथ काम किया जा रहा है, ताकि पूरा क्षेत्र शत-प्रतिशत जल सुविधा से जुड़ सके।

सलोह स्कूल कार्यक्रम में किया विकास रोडमैप साझा

उपमुख्यमंत्री गुरुवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के सलोह स्थित बन बिहारी नंद ब्रह्मचारी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी।

शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य को समान प्राथमिकता

श्री अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य के क्षेत्र में समग्र और भविष्योन्मुखी विकास किया जा रहा है। सरकारी स्कूलों को चरणबद्ध तरीके से सीबीएसई पैटर्न पर विकसित किया जा रहा है और सलोह स्कूल को राजीव गांधी आदर्श राजकीय डे-बोर्डिंग स्कूल के रूप में विकसित किया जा रहा है।

रोड़ा में बनेगा आधुनिक सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक

खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए रोड़ा गांव में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

शिक्षा संस्थानों का मजबूत नेटवर्क

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि हरोली क्षेत्र में 32 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के साथ 3 सरकारी कॉलेज, 2 आईटीआई, लॉ कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, ट्रिपल आईटीआई और केंद्रीय विद्यालय जैसी संस्थाएं कार्यरत हैं। डॉ. सिम्मी अग्निहोत्री पीजी डिग्री कॉलेज का भवन 12 करोड़ रुपये से पूरा किया जाएगा, जबकि खड्ड कॉलेज में 13 करोड़ रुपये की लागत से इंडोर स्टेडियम का निर्माण जारी है।

कभी पानी की किल्लत, अब पानी वाला हलका

उन्होंने बताया कि 75 करोड़ रुपये की लागत से उठाऊ पेयजल योजना बीट एरिया फेज-2 पर कार्य चल रहा है, जिसके तहत स्वां नदी से पानी उठाकर 28 गांवों की लगभग 50 हजार कनाल भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। फेज-1 में 44 करोड़ रुपये से 18 नलकूपों के माध्यम से सिंचाई व्यवस्था पहले ही पूरी की जा चुकी है।

नई सिंचाई योजनाएं और जल शक्ति परियोजनाएं

एमसीएडी कंपोनेंट के तहत 100 करोड़ रुपये की नई सिंचाई योजना स्वीकृत की गई है, जिससे टाहलीवाल, हरोली और खड्ड क्षेत्रों में आधुनिक सिंचाई तंत्र विकसित होगा। इसके अलावा पूबोवाल, बालीवाल, हरोली और नगनोली में 24 करोड़ रुपये की जल शक्ति योजनाएं पूरी की जा चुकी हैं।

करोड़ों के विकास कार्य जारी

रोड़ा में 5 करोड़ रुपये की लागत से ऑटोमेटिक वाहन परीक्षण केंद्र, 8 करोड़ रुपये से ट्रैफिक पार्क, 7 करोड़ रुपये से विश्राम गृह और 13 करोड़ रुपये की लागत से हेलीपोर्ट का निर्माण कार्य प्रगति पर है। हरोली में शीघ्र बस डिपो भी स्थापित किया जाएगा।

स्वास्थ्य सेवाओं को मिली मजबूती

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि हरोली अस्पताल में 15 विशेषज्ञ डॉक्टर तैनात किए गए हैं। क्षेत्र में 35 डॉक्टर कार्यरत हैं और बीटन, कुंगड़त, दुलैहड़ में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा कुठार और बालीवाल में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए गए हैं। मलाहत में पीजीआई चंडीगढ़ का सैटेलाइट सेंटर भी स्थापित किया जा रहा है।

पूरी हरोली बनेगी सीसीटीवी कवर्ड

उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र प्रदेश का पहला पूर्ण सीसीटीवी कवर्ड क्षेत्र बनेगा। सभी प्रमुख मार्गों, बाजारों और प्रवेश द्वारों पर कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही चिट्टा विरोधी अभियान को भी सख्ती से आगे बढ़ाया जा रहा है।

निराश्रित बच्चों के लिए सरकार बनी अभिभावक

मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना का उल्लेख करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि निराश्रित बच्चों को सरकार द्वारा माता-पिता का संरक्षण दिया जा रहा है। योजना के तहत बच्चों को मासिक पॉकेट मनी, कपड़ों और त्योहारों का भत्ता दिया जा रहा है।