3 कच्चे घर और तीन गोशालाओं में हुआ भीषण अग्निकांड, एक व्यक्ति बुरी तरह झुलसा

By Ankita Published: 24 Sep 2023, 10:13 AM | Updated: 24 Sep 2023, 10:13 AM 1 min read

HNN/ चंबा

जिला चंबा के विकास खंड सलूणी के खनेई गांव में तीन कच्चे घर और तीन गोशालाओं में भीषण अग्निकांड हुआ है। गनीमत यह रही कि इन घरों में रहने वाले परिवार और गोशाला में बंधे मवेशी सुरक्षित बच गए। हालांकि मवेशियों को निकालते हुए एक व्यक्ति झुलस गया है।

घायल व्यक्ति की पहचान कुलदीप सिंह (51) पुत्र राम कृष्ण निवासी खनेई के रूप में हुई है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। हालाँकि आग किन कारणों से लगी थी इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।

जानकारी के मुताबिक, तीन कच्चे घरों और उसके साथ बनी तीन गोशालाओं में अचानक ही चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पुरे घरों और उसके साथ बनी गोशालाओं को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान गोशाला में बंधे मवेशियों को आग से बचाते हुए कुलदीप झुलस गया।

जिसे नागरिक अस्पताल किहार में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। उधर, तहसीलदार सलूणी विनोद कुमार टंडन ने बताया कि आग में झुलसे व्यक्ति को प्रशासन की तरफ से 5,000 रुपये की फौरी सहायता दी गई है।