40 वर्षीय व्यक्ति ने उठाया खौफनाक कदम, फंदा लगाकर की आत्महत्या
HNN/कुल्लू
जिला कुल्लू के बंजार क्षेत्र में एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने आत्महत्या कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है। मृतक की पहचान दूनी चंद (40) पुत्र जीतराम निवासी शेगलू बाजार तहसील बंजार के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दूनी चंद शेगलू बाजार में अपनी दुकान में फर्नीचर बनाने और बेचने का काम करता था। उसकी पत्नी और बच्चे स्कूलों की छुट्टी के चलते रिश्तेदार के घर गए थे। जिसके बाद बीते कल वह अपने घर पर अकेला था। इसी दौरान दुनी चंद ने अपनी बहन को वीडियो कॉल पर बताया कि वह आत्महत्या करने वाला है।
देखते ही देखते वह पंखे से लटक गया। जब तक बहन ने अपने रिश्तेदारों को इसकी सूचना दी तब तक उसकी मौत हो गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। साथ ही मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू की। डीएसपी बंजार शेर सिंह ठाकुर द्वारा मामले की पुष्टि की गई है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।