HNN/ शिमला
हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रदेश भर में चलने वाले करीब 1,200 रात्रि रूटों के संचालन पर 7 मई से निगम के चालक-परिचालक रात्रि सेवाओं पर ड्यूटी नहीं देंगे। बता दें बीते 42 माह से रात्रि भत्ते का भुगतान लंबित होने से चालक-परिचालक ऑपरेशनल स्टाफ यूनियन ने शिमला में ढली कार्यशाला के बाहर गेट मीटिंग के दौरान यह ऐलान किया।
निगम के 11,000 कर्मियों को 11 दिन बीतने के बाद भी इस माह वेतन नहीं मिला है, जिससे निगम कर्मियों में रोष है। 6 मई तक अगर रात्रि भत्ते का भुगतान नहीं हुआ तो 7 मई से चालक-परिचालक रात्रि सेवाओं पर ड्यूटी नहीं देंगे। गेट मीटिंग के दौरान कर्मियों ने नारेबाजी कर अपनी मांगें उठाई।
यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष प्रेम सिंह ठाकुर ने बताया कि रात्रि भत्ते के अलावा ओवर टाइम का भुगतान भी लंबित है। कर्मियों को संशोधित वेतनमान का न तो एरियर मिला, न ही संशोधित वेतनमान की पहली किस्त जारी हुई। वित्तीय लाभ न मिलने से निगम कर्मी आर्थिक तंगहाली में समय काटने को मजबूर हैं।

