तनोह के अभिषेक ठाकुर बने भारतीय नौसेना में लेफ्टिनेंट, क्षेत्र में खुशी का माहौल
उपमंडल बंगाणा के अंतर्गत ग्राम पंचायत तनोह के उप गांव दुघार निवासी अभिषेक ठाकुर ने भारतीय नौसेना में लेफ्टिनेंट का पद हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, पंचायत और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
ग्राम पंचायत तनोह के उप गांव दुघार निवासी अभिषेक ठाकुर, कप्तान प्रदीप कुमार के सुपुत्र हैं। भारतीय नौसेना में लेफ्टिनेंट का सम्मानजनक पद प्राप्त करने के बाद उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं। उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। अभिषेक की सफलता से युवाओं में भी देश सेवा के प्रति उत्साह बढ़ा है।
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा “विक्कू” ने अभिषेक ठाकुर और उनके परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि अभिषेक का परिश्रम, अनुशासन और समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। विधायक ने परिवार के योगदान की भी सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दुघार गांव में होगा स्वागत समारोह
लेफ्टिनेंट अभिषेक ठाकुर के गांव पहुंचने पर उनके सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की ओर से उनके स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति, पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल होंगे। समारोह के समय और स्थान की जानकारी जल्द सार्वजनिक की जाएगी।