Loading...

Accident: अम्ब-चिंतपूर्णी मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, 23 वर्षीय युवक की मौत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 38 Mins Ago • 1 Min Read

Accident: ऊना जिले के अम्ब-चिंतपूर्णी मार्ग पर सिद्ध चलेहड़ गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में फिरोजपुर निवासी 23 वर्षीय हर्ष पुरी की मौत हो गई, जबकि उनके जीजा बलकरण गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों बाइक पर माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेकने जा रहे थे। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऊना/अम्ब/वीरेंद्र बन्याल

जानकारी के अनुसार, हर्ष पुरी अपने जीजा बलकरण के साथ बाइक पर चिंतपूर्णी की ओर जा रहे थे। अम्ब-चिंतपूर्णी मार्ग पर सिद्ध चलेहड़ गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

चंडीगढ़ ले जाते समय हर्ष पुरी ने रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि घायल बलकरण का अस्पताल में उपचार चल रहा है। डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

Related Topics: