Accident / पांवटा-सतौन मार्ग पर बाइक हादसा, चालक की मौत, दो अन्य घायल
Accident : सिरमौर जिले के पुलिस थाना पुरुवाला क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल पर सवार दो अन्य युवक घायल हो गए। हादसा बाइक के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैराफिट से टकराने के कारण हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
सिरमौर/पांवटा साहिब
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा खतैण्ड़ पुल से आगे एक मोड़ के पास हुआ। स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर कृष्ण, तेजपाल और रणदीप सवार होकर पांवटा साहिब की ओर से सतौन जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोड़ पर मोटरसाइकिल चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बाइक सड़क किनारे बने पैराफिट से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मोटरसाइकिल चालक ने उपचार के दौरान तोड़ा दम
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल मोटरसाइकिल चालक कृष्ण की मौत हो गई, जबकि तेजपाल और रणदीप का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
मामला दर्ज कर जांच शुरू
पुलिस थाना पुरुवाला ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
