Accident: बिनवा पुल की रेलिंग तोड़ खड्ड में गिरा ईंटों से भरा कैंटर
Accident: बैजनाथ क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के दौरान बिनवा पुल से गुजर रहा ईंटों से भरा कैंटर अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए खड्ड में गिर गया। हादसे में पुल की सुरक्षा रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई। एक व्यक्ति मामूली चोट के साथ बैजनाथ अस्पताल पहुंचा, लेकिन उसने उपचार नहीं करवाया। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
बैजनाथ
जानकारी के अनुसार हादसा रात के समय हुआ, जब बारिश के बीच कैंटर बिनवा पुल से गुजर रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकराया और उसे तोड़ते हुए नीचे खड्ड में जा गिरा। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर कैंटर से हनुमान जी की एक तस्वीर भी मिली, जो सुरक्षित थी। तस्वीर सुरक्षित मिलने की बात स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है और वे इसे आस्था से जोड़कर देख रहे हैं।
बैजनाथ अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार हादसे के बाद एक व्यक्ति मामूली चोट के साथ अस्पताल पहुंचा था, लेकिन उसने उपचार नहीं करवाया। थाना प्रभारी यादेश ठाकुर ने बताया कि पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। इस बीच पुल की टूटी सुरक्षा रेलिंग को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। उन्होंने क्षतिग्रस्त रेलिंग को जल्द दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस स्थान पर किसी अन्य बड़े हादसे की आशंका को कम किया जा सके।
