Loading...

Accident / पीजीआई से तीन माह की बच्ची का इलाज कर लौट रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, चंबा में खाई में गिरी कार; एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Accident : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। परिवार पीजीआई चंडीगढ़ से तीन माह की बच्ची का उपचार कर घर लौट रहा था, तभी कार लाहड़ के पास गहरी खाई में गिर गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

चंबा

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाहड़ के समीप एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार सभी लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, परिवार अपनी तीन माह की बच्ची का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार कराने के बाद अपने घर लौट रहा था। देर रात लाहड़ के पास पहुंचने पर कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। रात का समय, दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र, लगातार बारिश और घना कोहरा होने के कारण बचाव अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया।

एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी पांच लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। प्रारंभिक जांच में खराब मौसम, अत्यधिक धुंध और सड़क पर फिसलन को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान बचन सिंह पुत्र नारायण सिंह निवासी गेहरा, उनके पुत्र रिपन कुमार, पुत्रवधू रिम्पी, कीर्ति पुत्री केसर सिंह तथा एक वर्षीय मासूम बच्चे के रूप में हुई है।इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की असामयिक मौत से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं और हर कोई इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त कर रहा है।

Related Topics: