Accident / ग्वालियर में बैरिकेड तोड़ श्रद्धालुओं पर चढ़ा बेकाबू ट्रक, 13 लोगों की मौत
Accident / मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को धान से भरे एक बेकाबू ट्रक ने कुचल दिया। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। कुल 39 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया था, जबकि घायलों में मौके पर ड्यूटी कर रहे दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल मरीजों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
ग्वालियर
एसएसपी धर्मवीर सिंह के अनुसार, छिनोर की ओर से मंदिर आने वाली सड़क पर ढलान है और इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है। रात करीब डेढ़ बजे धान से भरे ट्रक को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया था, लेकिन वाहन बैरिकेड तोड़ते हुए ढलान से नीचे आ गया। इसके बाद ट्रक मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से टकरा गया। सड़क पर मौजूद श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए।
गंभीर घायलों की जांच और उपचार जारी
पुलिस के मुताबिक, अस्पताल पहुंचाए गए 39 लोगों में से 13 को मृत घोषित कर दिया गया। पांच से छह लोगों को गंभीर चोटें और फ्रैक्चर हुए हैं, जबकि अन्य घायलों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे में घायल दोनों पुलिसकर्मियों का भी उपचार कराया जा रहा है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि घायलों की चोटों का आकलन करने के लिए सीटी स्कैन और एक्स-रे किए जा रहे हैं।
आरटीओ करेगा ट्रक की तकनीकी जांच
कलेक्टर के अनुसार, नवरात्रि के दौरान सड़क पर बैरियर और पुलिस चेक पोस्ट मौजूद थे। इसके बावजूद ट्रक बैरिकेड तोड़कर मंदिर के रास्ते तक कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जाएगी। ट्रक की तकनीकी जांच के लिए आरटीओ की टीम भेजी गई है। टीम यह पता लगाएगी कि वाहन में कोई तकनीकी खराबी थी या नहीं और बाईं ओर मुड़ते समय ट्रक किस कारण बेकाबू हुआ। प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रहा है।