Loading...

हादसा / कोलकाता के पूजा पंडाल में भगदड़, 17 लोगों की मौत और 35 घायल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 16 Hours Ago • 1 Min Read

हादसा / कोलकाता में सप्तमी की शाम चोरबागान सर्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में भारी भीड़ के बीच भगदड़ मचने से 17 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 35 लोग घायल हुए हैं। बारिश शुरू होने के बाद पंडाल के बाहर खड़ी भीड़ के आगे बढ़ने से कई लोग सड़क पर गिर गए। घटना के दौरान पंडाल का एक हिस्सा ढहने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।

कोलकाता

पुलिस के अनुसार, घटना शाम करीब 7:40 बजे गिरीश पार्क पुलिस स्टेशन के अंतर्गत शारदा पार्क स्थित चोरबागान पूजा पंडाल के निकास द्वार पर हुई। बारिश के बीच बड़ी संख्या में लोग पंडाल देखने पहुंचे थे। इसी दौरान बाहर प्रतीक्षा कर रही भीड़ आगे की ओर बढ़ी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हादसे के बाद पंडाल को दर्शकों के लिए बंद कर दिया गया है। पुलिस और आपदा प्रबंधन के अधिकारी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और राहत अभियान शुरू किया।

घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा

घटना से प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, करीब 35 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के दौरान कई लोग बेहोश हो गए और कुछ प्रभावित लोगों को मोटरसाइकिलों से अस्पताल ले जाया गया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी कलकत्ता मेडिकल कॉलेज पहुंचे। पुलिस ने घटना के बाद आयोजकों और निजी सुरक्षा कर्मियों को हिरासत में लिया है।

पीएमओ ने सहायता राशि घोषित की

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की गई है। पश्चिम बंगाल सरकार ने प्रभावित लोगों की मदद के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 18003455678 शुरू किया है। पूजा आयोजकों ने भी स्थिति संभालने और प्रभावित लोगों की सहायता के लिए जरूरी कदम उठाए। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़ी परिस्थितियों और पंडाल का हिस्सा गिरने के कारणों की जांच कर रही है।

Related Topics: •