Loading...

Accident / बहन की विदाई के बाद लौट रहे 30 वर्षीय युवक की सड़क दुर्घटना में मौत, कार पलटने से हादसा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 30 Jun 2026 • 1 Min Read

Accident : बहन की विदाई के बाद रिश्तेदारों को छोड़कर घर लौट रहे 30 वर्षीय युवक की कांगड़ा के जसवां-परागपुर क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

कांगड़ा

रिश्तेदारों को छोड़कर लौटते समय हुआ हादसा

कांगड़ा जिले के देहरा उपमंडल के अंतर्गत जसवां-परागपुर की ग्राम पंचायत बाड़ी के गांव बढ़ाल में मंगलवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में 30 वर्षीय दिनेश शर्मा की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, वह अपनी बहन की शादी के बाद रिश्तेदारों को तलवाड़ा छोड़कर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान बढ़ाल के समीप उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई।

सुबह राहगीरों ने देखा दुर्घटनाग्रस्त वाहन

स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार सुबह जब राहगीर उस मार्ग से गुजर रहे थे तो उन्होंने सड़क पर पलटी हुई कार देखी। युवक वाहन से बाहर सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा था। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे वाहन के माध्यम से बीबीएमबी अस्पताल तलवाड़ा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सोमवार रात संपन्न हुआ था विवाह समारोह

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बाड़ी निवासी घनश्याम की पुत्री का विवाह सोमवार रात तलवाड़ा स्थित एक विवाह समारोह स्थल में संपन्न हुआ था। मंगलवार सुबह विधिवत विदाई के बाद परिवार का सदस्य दिनेश शर्मा रिश्तेदारों को तलवाड़ा छोड़ने गया था। वापसी के दौरान सुबह करीब 5 बजे बढ़ाल के जंगल क्षेत्र में उसकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Topics: