नाहन में निर्माण श्रमिकों के लिए जागरूकता शिविर, पात्र लाभार्थियों को बांटे इंडक्शन हीटर
कल्याण बोर्ड की योजनाओं की दी जानकारी, नए पंजीकृत श्रमिकों को सौंपे लेबर कार्ड
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
नाहन विधानसभा क्षेत्र के भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एसएफडीए हॉल नाहन में विशाल जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की संयुक्त अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर और नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने की।
शिविर में निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए बोर्ड की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इनमें पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाओं, बच्चों की शिक्षा और वित्तीय सहायता से जुड़ी योजनाएं प्रमुख रहीं। श्रमिकों को बताया गया कि वे पात्रता के अनुसार इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए अपना पंजीकरण करवाएं और बोर्ड की सुविधाओं के प्रति जागरूक रहें।
कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों को बोर्ड की ओर से इंडक्शन हीटर वितरित किए गए। इसके अलावा, नए पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को उनके लेबर कार्ड भी सौंपे गए। लेबर कार्ड के माध्यम से पंजीकृत श्रमिक बोर्ड की निर्धारित शर्तों और पात्रता के अनुसार विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
इस अवसर पर बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार और कल्याण बोर्ड का उद्देश्य निर्माण क्षेत्र से जुड़े श्रमिकों तथा उनके परिवारों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।
उन्होंने श्रमिकों से योजनाओं की जानकारी हासिल कर उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।शिविर में नाहन विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में निर्माण श्रमिकों के अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।