पांवटा साहिब में तेज रफ्तार ट्राले का कहर, सड़क से गुजरते वक्त शनि मंदिर से टकराया, टला बड़ा हादसा
Accident / जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब के देवीनगर में शनि मंदिर के पास मंगलवार रात एक अनियंत्रित ट्राले ने सड़क किनारे मंदिर को नुकसान पहुंचाया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी वाहनों की आवाजाही और तेज रफ्तार को लेकर रोष है।
पांवटा साहिब
जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब के देवीनगर में तेज रफ्तार ट्रालों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि देवीनगर के आसपास का मार्ग व्यस्त रहता है, लेकिन यहां से तेज रफ्तार भारी वाहन लगातार गुजर रहे हैं। इससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। मंगलवार को ट्राले के मंदिर से टकराने की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शनि मंदिर और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि वे जल्द ही एसडीएम पांवटा साहिब को ज्ञापन सौंपकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग करेंगे।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि भारी वाहनों की समस्या पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सड़क पर उतरकर चक्का जाम करने को मजबूर होंगे। लोगों का कहना है कि प्रशासन को किसी बड़े हादसे से पहले इस समस्या का समाधान करना चाहिए।