Loading...

Accident / राजगढ़ के धाली में सैकड़ों मीटर नीचे खाई में गिरा ट्रक, एक की मौत व दूसरा घायल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 10 Hours Ago • 1 Min Read

Accident / सिरमौर जिले के राजगढ़ क्षेत्र में धाली गांव के पास शनिवार देर रात एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 400 से 500 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक में सवार दूसरा व्यक्ति घायल मिला। पुलिस ने राजगढ़ थाने में मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

राजगढ़/सिरमौर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर 2026 की रात करीब 12:20 बजे स्थानीय लोगों ने अचानक जोरदार आवाज सुनी। कुछ समय बाद ग्रामीणों को धाली गांव के पास एक ट्रक के सड़क से नीचे गिरने की सूचना मिली। ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो ट्रक सड़क से लगभग 400 से 500 मीटर नीचे घासनी में बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ा था। अंधेरा होने के कारण दुर्घटनाग्रस्त वाहन से संबंधित स्थिति सुबह रोशनी होने पर स्पष्ट हो सकी।

सुबह ट्रक का नंबर HP07F-1070 पाया गया। वाहन की क्षतिग्रस्त केबिन में एक व्यक्ति मृत अवस्था में फंसा मिला। ट्रक मालिक ने मृतक की पहचान टीका राम पुत्र संत राम, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कालीनी, संजौली, जिला शिमला के रूप में की। ट्रक में दीपक पुत्र सूबा राम, निवासी नेपाल भी सवार था, जो हादसे में घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण ट्रक चालक द्वारा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना पाया गया है। इस संबंध में पुलिस थाना राजगढ़ में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं और वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। हादसे में एक व्यक्ति की मौत के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Related Topics: •