Accident / संगड़ाह चौक पर मोटरसाइकिलों की टक्कर में पति-पत्नी घायल, दूसरी बाइक के सवार फरार
Accident / सिरमौर जिले के संगड़ाह चौक पर दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में बाइक सवार पति-पत्नी घायल हो गए। हादसे के बाद दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार दोनों व्यक्ति मौके से फरार हो गए। घायल व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस थाना श्री रेणुका जी में अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
श्री रेणुका जी
पुलिस को दी शिकायत में दीपक निवासी गांव रौंडी, डाकघर देवना, तहसील नौहराधार, जिला सिरमौर ने बताया कि वह मोटरसाइकिल नंबर HP79-4371 पर अपनी पत्नी के साथ बड़ग से कालाअंब जा रहा था। दोपहर करीब एक बजे संगड़ाह चौक पर ददाहू की ओर मुड़ते समय सामने से तेज रफ्तार और गलत दिशा में आई एक मोटरसाइकिल ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से दीपक और उसकी पत्नी सड़क पर गिर गए तथा दोनों घायल हो गए। शिकायत के अनुसार दूसरी मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति सवार थे, जो दुर्घटना के बाद वहां रुके बिना मौके से फरार हो गए। पुलिस थाना श्री रेणुका जी ने शिकायत के आधार पर अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।