हादसा / नेरवा में घोड़ा चराने जा रहे 80 वर्षीय व्यक्ति की खाई में गिरने से मौत
हादसा : नेरवा क्षेत्र के ग्यांह गांव में घोड़ा चराने जा रहे 80 वर्षीय व्यक्ति की पैर फिसलने के बाद गहरी खाई में गिरने से मृत्यु हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है तथा बीएनएस की धारा 194 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिमला
घोड़ा चराने जाते समय हुआ हादसा
शिमला जिले के चौपाल उपमंडल की नेरवा तहसील के ग्यांह गांव में शनिवार सुबह एक दुर्घटना में 80 वर्षीय बुजुर्ग की मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान तुलसी राम पुत्र जिंदू राम, निवासी गांव एवं डाकघर ग्यांह, तहसील नेरवा, जिला शिमला के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तुलसी राम अपने घोड़े को चराने के लिए घर के समीप स्थित घासनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनका पैर फिसल गया, जिससे वह संतुलन खोकर गहरी ढलान एवं खाई में गिर गए।
स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा बुजुर्ग को तत्काल नागरिक अस्पताल नेरवा पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गिरने के कारण उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं, जिसके चलते उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
सूचना मिलने पर पुलिस टीम नागरिक अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम की औपचारिकता पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस घटना से संबंधित सभी तथ्यों का सत्यापन कर नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी कर रही है।