Loading...

Accident: सुंदरनगर के अलसू फोरलेन चौक के पास कार हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत, चार घायल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Accident: सुंदरनगर के अलसू फोरलेन चौक के समीप मुरारी ढाबा के सामने देर रात एक कार की ट्रकों और स्क्रैप लदी गाड़ी से टक्कर हो गई। हादसे में 26 वर्षीय आकाश की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सुंदरनगर

पुलिस के अनुसार, नेरी तहसील बड़सर जिला हमीरपुर निवासी विवेक शर्मा ने बताया कि वह स्क्रैप लदी गाड़ी एचपी34ई-9420 लेकर 15 अगस्त की शाम करीब साढ़े सात बजे भुंतर से नालागढ़ के लिए निकला था। रात करीब साढ़े 12 बजे वह अलसू फोरलेन चौक से कुछ पीछे मुरारी ढाबा के पास पहुंचा। इसी दौरान उसकी गाड़ी के बाईं ओर से एक सफेद रंग की कार तेज रफ्तार में निकली और सड़क के बाहर खड़े एक ट्रक को रगड़ते हुए आगे खड़े दूसरे ट्रक से टकरा गई।

दूसरे ट्रक से टक्कर के बाद कार का पिछला हिस्सा घूमकर सड़क की ओर आ गया और स्क्रैप लदी गाड़ी से भी टकरा गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कार में सवार पांच लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डैहर पहुंचाया गया। घायलों में विवेक, सचिन, परवीन, पीयूष और आकाश शामिल बताए गए हैं। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने हरियाणा निवासी 26 वर्षीय आकाश पुत्र लोकराम को मृत घोषित कर दिया।

अन्य चार घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। पुलिस के मुताबिक, हादसे में शामिल कार हरियाणा नंबर की है। कार की टक्कर से सड़क के बाहर खड़े ट्रक का पिछला टायर फट गया और उसकी कमानी तथा पट्टे भी टूट गए। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार चालक द्वारा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताया गया है। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने कहा कि मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।

Related Topics: