हादसा / सिरमौर में 33 केवी लाइन की चपेट में आने से मजदूर की मौत, ठेकेदार पर लापरवाही का केस
हादसा : जिला सिरमौर के पांवटा साहिब के माजरा क्षेत्र में बिजली के पोल पर कार्य के दौरान 33 केवी हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से एक मजदूर की करंट लगने के बाद पोल से गिरकर मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पांवटा साहिब
पुलिस के अनुसार मोहन लाल निवासी गांव बेलवाली, डाकघर धौलाकुआं, तहसील पांवटा साहिब ने थाना माजरा में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया है कि उसका भतीजा बारु राम ठेकेदार नासीर रावत के पास बिजली ठेकेदारी कार्य में मजदूर के रूप में कार्य करता था।
काम के दौरान हुआ हादसा
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रविवार सुबह ठेकेदार ने बारु राम को बिजली के पोल पर काम करने के लिए भेजा। पोल के ऊपर से 33 केवी बिजली लाइन गुजर रही थी। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और पोल से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शटडाउन और अनुमति नहीं लेने का आरोप
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कार्य शुरू करने से पहले ठेकेदार ने बिजली विभाग से आवश्यक अनुमति नहीं ली और न ही लाइन का शटडाउन कराया। थाना माजरा पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
