Loading...

हादसा / कालाअंब के लोहा उद्योग में क्रेन से गिरकर मजदूर की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 54 Mins Ago • 1 Min Read

हादसा : जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब स्थित एक लोहा उद्योग में रविवार को क्रेन से गिरने के कारण एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद उद्योग परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गंभीर रूप से घायल मजदूर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

कालाअंब

मृतक की पहचान 32 वर्षीय विश्वजीत पुत्र निवासी ग्राम करियाबर, डाकघर सोडरी, तहसील निजामाबाद, जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार विश्वजीत उद्योग में क्रेन के माध्यम से सामान एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

हादसे के तुरंत बाद घायल मजदूर को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद उद्योग परिसर में कर्मचारियों के बीच शोक का माहौल बन गया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही कालाअंब पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नाहन मेडिकल कॉलेज के शवगृह में रखवा दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। उधर, एसपी एन.एस. नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।

Related Topics: