Loading...

चुनाव खत्म होते ही भाजपा ने दिखाया असली चेहरा, तेल और सीएनजी की मार से जनता बेहाल : अजय सोलंकी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

देश में पेट्रोलियम उत्पादों और सीएनजी की बढ़ती कीमतों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। नाहन विधायक अजय सोलंकी ने भाजपा सरकार पर जनता की जेब पर महंगाई का बोझ डालने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का असर हर घर और बाजार पर पड़ रहा है।

नाहन

देश में पेट्रोलियम उत्पादों और सीएनजी के बढ़ते दामों को लेकर सियासत गर्माने लगी है। नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि चुनावी दौर में बड़े-बड़े वादे करने वाली सरकार अब जनता पर महंगाई का बोझ डालने में लगी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव खत्म होते ही भाजपा ने अपना असली चेहरा दिखाना शुरू कर दिया है।जारी बयान में अजय सोलंकी ने कहा कि मिडिल ईस्ट में लंबे समय से तनाव और युद्ध जैसे हालात बने हुए थे, लेकिन चुनावी माहौल के दौरान जनता को राहत और स्थिरता का संदेश दिया जाता रहा। अब चुनावी प्रक्रिया समाप्त होते ही तेल और सीएनजी के दामों में बढ़ोतरी कर आम आदमी की कमर तोड़ने का काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि तेल और सीएनजी की कीमतों में हुई बढ़ोतरी केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इसका सीधा असर हर घर की रसोई, रोजमर्रा की जरूरतों और बाजार पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि जब ईंधन महंगा होता है तो परिवहन खर्च बढ़ता है और उसके बाद महंगाई की आग हर क्षेत्र तक पहुंच जाती है।अजय सोलंकी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार एक तरफ आर्थिक घाटे की बात करती है, जबकि दूसरी तरफ उस घाटे की भरपाई जनता की जेब से करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज आम आदमी पहले से ही बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक दबाव से जूझ रहा है, ऐसे समय में लगातार कीमतों में वृद्धि जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।

उन्होंने केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा को आम जनता की चिंता से ज्यादा तेल कंपनियों के मुनाफे की चिंता सताती है। सोलंकी ने कहा कि सरकार को कॉर्पोरेट हितों की राजनीति से बाहर निकलकर आम लोगों की परेशानियों पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि महंगाई की मार सबसे ज्यादा गरीब और मध्यम वर्ग झेल रहा है।

Related Topics: