Crime / शातिर हत्यारे की तीसरी आंख से हुई शिनाख्त, फिर चढ़ा पुलिस के हत्थे
Crime : अंबाला में हुई युवती की हत्या के बाद आरोपी शव को बैग में भरकर हिमाचल के कोलर जंगल तक ले आया। सुनसान जंगल में शव जलाकर पहचान मिटाने की कोशिश की गई, लेकिन सीसीटीवी फुटेज ने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच तेज कर दी है।
पांवटा साहिब
सिरमौर जिला के धौलाकुआं क्षेत्र की कोलर पंचायत के जंगल में मिले युवती के जले हुए शव की गुत्थी आखिरकार पुलिस ने सुलझा ली है। जिस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी थी, उसकी परतें खुलीं तो कहानी किसी क्राइम थ्रिलर से कम नहीं निकली। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि युवती की हत्या हरियाणा के अंबाला में की गई थी और इसके बाद शव को बैग में ठूंस कर हिमाचल लाया गया। यहां सुनसान जंगल में आग लगाकर पहचान और सबूत दोनों मिटाने की कोशिश की गई।लेकिन आरोपी की चालाकी पुलिस की “तीसरी आंख” यानी सीसीटीवी कैमरों के आगे ज्यादा देर टिक नहीं पाई। कैमरों में कैद हुई संदिग्ध गतिविधियों ने आखिरकार शातिर हत्यारे को सलाखों तक पहुंचा दिया।
मामले में अंबाला के बराडा निवासी नवीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर वारदात की पूरी पटकथा खंगाल रही है।जंगल में जलती लाश ने मचा दी थी सनसनी धौलाकुआं क्षेत्र में नेशनल हाईवे से करीब 100 मीटर दूर जंगल के भीतर युवती का जला हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। जंगल के बीचोंबीच पड़े शव की हालत इतनी भयावह थी कि पहचान तक मुश्किल हो गई थी। सूचना मिलते ही माजरा पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर फॉरेंसिक जांच शुरू की गई।शुरुआत में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही थी कि हत्या आखिर कहां हुई और शव यहां तक कैसे पहुंचा। क्योंकि घटनास्थल पर ऐसे बहुत कम सुराग मिले थे, जिनसे सीधे आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
रेहड़ी, बैग और कैमरे में कैद हुआ पूरा खेल जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने आसपास के रास्तों और बाजारों के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए। इसी दौरान पुलिस को एक अहम फुटेज हाथ लगी। फुटेज में आरोपी नवीन और एक अन्य व्यक्ति संदिग्ध हालत में रेहड़ी पर बड़ा बैग ले जाते दिखाई दिए। पुलिस को यहीं से वारदात की पहली बड़ी कड़ी मिली।सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान शुरू की और जांच की सुई अंबाला की ओर घूम गई। इसके बाद बराडा पुलिस और माजरा पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया।
अंबाला में कत्ल, हिमाचल में सबूत मिटाने की साजिश पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने युवती की हत्या अंबाला स्थित अपने घर में की थी। हत्या के बाद शव को बैग में ठूंस कर हिमाचल लाया गया। आरोपी को लगा कि कोलर पंचायत का सुनसान जंगल उसकी इस खौफनाक साजिश को हमेशा के लिए छिपा देगा।जंगल में शव को आग लगाकर पहचान मिटाने की कोशिश की गई, लेकिन आरोपी यह नहीं जानता था कि रास्ते में लगे कैमरे उसकी हर हरकत रिकॉर्ड कर चुके हैं। तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और लगातार की गई निगरानी ने आखिरकार पुलिस को आरोपी तक पहुंचा दिया।
बातापुल के पास दबोचा गया आरोपी लगातार मिल रहे सुरागों के आधार पर पुलिस ने बातापुल के समीप दबिश दी और मुख्य आरोपी नवीन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वारदात में आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा हत्या के पीछे असली वजह क्या थी।क्राइम सीन बना पुलिस के लिए चुनौती पूरी तरह जला शव, सुनसान जंगल और पहचान मिटाने की कोशिश… इन सबने इस केस को पुलिस के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण बना दिया था। लेकिन पुलिस टीम ने तकनीकी जांच, फुटेज और लगातार पूछताछ के जरिए एक-एक कड़ी जोड़ते हुए मामले का खुलासा कर दिया।
इलाके में दहशत, लोगों ने मांगी सख्त सजा इस खौफनाक वारदात के सामने आने के बाद धौलाकुआं और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और फास्ट ट्रैक सुनवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क तथा वारदात की असली वजह से पर्दा उठा दिया जाएगा।