रोटरी रॉयल सोलन के अनिल चौहान को मिला ‘नेशनल रोटरी चैंपियन’ सम्मान
रोटरी रॉयल सोलन के पूर्व अध्यक्ष अनिल चौहान को रोटरी इंटरनेशनल के प्रेसिडेंट ओलायिंका एच. बाबलोला ने ‘नेशनल रोटरी चैंपियन’ सम्मान प्रदान किया है। उन्हें यह सम्मान 10 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में आयोजित ‘सेलिब्रेटिंग इम्पैक्ट’ अवार्ड समारोह के दौरान दिया गया। रोटरी रॉयल सोलन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, सम्मान के लिए उनका नामांकन जी5 की सिफारिश पर किया गया था।
सोलन
विज्ञप्ति में बताया गया कि अनिल चौहान ने सोशल मीडिया के माध्यम से रोटरी की सकारात्मक छवि बनाने और उसकी सेवा गतिविधियों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने में भूमिका निभाई है। इंस्टाग्राम, फेसबुक और लिंक्डइन पर उनके 15 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं। इन डिजिटल मंचों के माध्यम से उन्होंने रोटरी की सेवा परियोजनाओं, सामाजिक गतिविधियों और मानवीय प्रयासों से जुड़ी जानकारी साझा की है।
रोटरी रॉयल सोलन के अनुसार, अनिल चौहान ने रचनात्मक कहानियों और रील्स के माध्यम से लोगों को रोटरी से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उनके डिजिटल प्रयासों से विभिन्न सेवा परियोजनाओं के लिए कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व यानी सीएसआर सहयोग और ग्रांट के अवसर प्राप्त करने में भी मदद मिली। आधुनिक संचार माध्यमों को रोटरी के सेवा मूल्यों से जोड़कर उन्होंने परियोजनाओं की पहुंच बढ़ाने का प्रयास किया है।
रोटरी रॉयल सोलन और डिस्ट्रिक्ट 3080 के सदस्यों ने अनिल चौहान को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। क्लब के सचिव मनोज कोहली ने कहा कि डिजिटल माध्यम प्रचार, मित्रता और संगठन के विकास में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। संस्था ने उनके कार्यों को रोटरी के मिशन ‘सर्विस अबव सेल्फ—सेवा ही सर्वोपरि’ से जुड़ा प्रयास बताया है।