Arrest / नालागढ़ गोलीकांड में साहिल खरड़ से गिरफ्तार, जमीन विवाद की बात आई सामने
Arrest / सोलन जिले के नालागढ़ में 58 वर्षीय मोहम्मद असलम उर्फ बल्लू पर गोली चलाने के आरोपी साहिल को बद्दी पुलिस ने पंजाब के खरड़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने के पांच घंटे के भीतर यह कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आई है। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल असलम का पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज चल रहा है।
सोलन/नालागढ़
पुलिस के अनुसार, नालागढ़ में रामशहर रोड स्थित लकड़ डिपो के पास मोहम्मद असलम पर दिनदहाड़े फायरिंग की गई थी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए नालागढ़ निवासी साहिल पुत्र राजेंद्र सिंह को पंजाब के खरड़ से हिरासत में लिया और मामले की जांच तेज कर दी।
हथियार की बरामदगी के लिए पूछताछ
डीएसपी बद्दी योगराज चंदेल ने बताया कि आरोपी को वीरवार को नालागढ़ की अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस रिमांड हासिल कर उससे वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के संबंध में पूछताछ करेगी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा पाया गया है। इसी विवाद के चलते मोहम्मद असलम पर जानलेवा हमला किए जाने की बात सामने आई है।
शिकायतकर्ता जोगिंद्र सिंह पुत्र संतोख सिंह, निवासी गांव पन्नर की शिकायत पर 10 नवंबर 2026 को पुलिस थाना नालागढ़ में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और 351(2) के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 25-54-59 के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने घटनास्थल का दौरा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए थे। घायल असलम अभी पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन हैं।