Jobs / हिमाचल में 597 जेबीटी शिक्षकों की नियुक्ति, 10 दिन में संभालना होगा कार्यभार
Jobs / हिमाचल प्रदेश में 597 चयनित जेबीटी शिक्षकों की नियुक्ति सूची जारी कर दी गई है। चयनित अभ्यर्थियों को आदेश जारी होने के 10 दिन के भीतर आवंटित सरकारी स्कूल में कार्यभार संभालना होगा। जॉब ट्रेनी आधार पर नियुक्त इन शिक्षकों को 18 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा।
शिमला
स्कूल शिक्षा निदेशालय ने राज्य चयन आयोग हमीरपुर की सिफारिश पर चयनित जेबीटी शिक्षकों को प्रदेश के विभिन्न सरकारी स्कूलों में तैनाती दी है। अभ्यर्थियों को संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य या मुख्याध्यापक के समक्ष निर्धारित अवधि में ज्वाइन करना होगा। तय समय के भीतर कार्यभार नहीं संभालने पर नियुक्ति प्रस्ताव स्वतः रद्द माना जाएगा। शुरुआती प्रशिक्षण अवधि एक वर्ष की रहेगी, जिसे संतोषजनक प्रदर्शन के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकेगा।
ज्वाइनिंग से पहले प्रमाणपत्रों का होगा सत्यापन
कार्यभार संभालने से पहले चयनित अभ्यर्थियों को अनुबंध पत्र निष्पादित करना होगा। स्कूल प्रमुख उनकी शैक्षणिक योग्यता, चरित्र प्रमाणपत्र, आरक्षित श्रेणी और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे। निदेशालय के अनुसार सभी नियुक्तियां हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में लंबित याचिका के अंतिम निर्णय के अधीन रहेंगी।