बाबा सिद्ध चानो मंदिर के हैंडपंप में लगी मोटर, नियमित जलापूर्ति हुई सुचारू
बाबा सिद्ध चानो मंदिर में हैडपंप पर लगी मोटर, पानी की समस्या का हुआ स्थायी समाधान
ऊना/वीरेंद्र बन्याल/ हिमाचल नाऊ न्यूज।
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के थाना कलां स्थित प्रसिद्ध बाबा सिद्ध चानो मंदिर में लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या का अब स्थायी समाधान कर दिया गया है। विधायक विवेक शर्मा के निर्देश पर मंदिर परिसर में लगे हैडपंप में मोटर स्थापित कर पानी की आपूर्ति सुचारू कर दी गई है। मोटर लगने के बाद मंदिर में पानी की उपलब्धता आसान हो गई है, जिससे पुजारी, स्थानीय ग्रामीणों और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
मंदिर के पुजारी एवं ग्रामीणों ने पानी की समस्या को विधायक विवेक शर्मा के समक्ष रखा था। ग्रामीणों ने बताया था कि मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, जबकि मंदिर परिसर के आसपास करीब एक दर्जन परिवार भी रहते हैं। पानी की नियमित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक विवेक शर्मा ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। इसके बाद विभाग की ओर से मंदिर के हैडपंप में मोटर स्थापित कर दी गई, जिससे अब हैडपंप से पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से हो सकेगी।
पानी की समस्या का समाधान होने पर मंदिर के पुजारी और स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक विवेक शर्मा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ आसपास रहने वाले परिवारों के लिए भी पानी की सुविधा बेहद आवश्यक थी। मोटर लगने से लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हुआ है।
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि जनता से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं का समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखें, ताकि संबंधित विभागों के सहयोग से उनका जल्द समाधान करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विकास और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।