बद्दी के सेंट बीर्स स्कूल में रक्तदान शिविर, 102 लोगों ने स्वेच्छा से दिया रक्त
बद्दी के सेंट बीर्स इंटरनेशनल स्कूल मलपुर में रोटरी क्लब पिंजौर हिल्स के सहयोग से आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 102 लोगों ने रक्तदान किया। स्वास्थ्य जांच के दौरान 160 से अधिक लोग रक्तदान के लिए योग्य नहीं पाए गए। पारस हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने क्षेत्र में महिलाओं और पुरुषों में खून की कमी को लेकर चिंता जताई।
बद्दी
रक्तदान शिविर का शुभारंभ नगर निगम बद्दी के कमिश्नर एवं आईएएस अधिकारी विवेक चंदेल ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई महादान नहीं है। कार्यक्रम में पवन मदान और नीना मदान गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में उपस्थित रहे। रोटरी क्लब पिंजौर हिल्स के अध्यक्ष संदीप बोगरा और पल्लवी बोगरा ने भी शिविर में पहुंचे रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया।
चिकित्सकों ने नियमित स्वास्थ्य जांच की अपील की
पारस हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने शिविर के दौरान रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच की। जांच में 160 से अधिक लोगों के रक्तदान के योग्य नहीं पाए जाने पर डॉक्टरों ने बद्दी क्षेत्र में खून की कमी को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए रक्तदान करने का आह्वान किया। चिकित्सकों ने कहा कि रक्तदान ऐसा मानवीय कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जिंदगी बचाने में मदद मिल सकती है। शिविर में सभी रक्तदाताओं और अतिथियों को स्कूल प्रबंधन ने सम्मानित किया।
स्कूल प्रबंधन ने सहयोगियों का जताया आभार
सेंट बीर्स इंटरनेशनल स्कूल के फाउंडर चेयरमैन कुलबीर राणा ने शिविर को सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया। स्कूल के एमडी करणबीर राणा ने रक्तदाताओं, चिकित्सकों और रोटरी क्लब के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। प्रधानाचार्या दिव्या राणा ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और समाज के लोगों से सामाजिक सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उप प्रधानाचार्या नैन्सी हांडा और स्कूल समन्वयक बबली जांगड़ा ने व्यवस्थाएं संभालीं, जबकि शिक्षक सोनाली, सुनीता बिष्ट, सपना ठाकुर, अनवर और सुनील कुमार ने आयोजन में सहयोग किया।
शिविर में ग्राम पंचायत लेही के प्रधान बलबीर सिंह बल्लू, हिमांशु, विषु चौबे, गौरक्षक कमल चौधरी, अभी चौधरी, राधे चौधरी, प्रभजीत, सचिन और गिरधारी लाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। स्कूल प्रबंधन और रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि विवेक चंदेल को सम्मानित किया। स्कूल के चेयरमैन कुलबीर राणा ने भी शिविर में रक्तदान किया।