बाथू में स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग और जेम पोर्टल पर कार्यशाला, 10 उद्यमियों का पंजीकरण
ऊना जिले के बाथू स्थित राजीव गांधी कॉमन फैसिलिटी सेंटर में उद्योग विभाग ने आरएएमपी कार्यक्रम के तहत स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग तथा जेम और सीपीपी पोर्टल पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की। इसमें लगभग 60 एमएसएमई उद्यमियों ने भाग लिया, जबकि तकनीकी सहायता के माध्यम से 10 उद्यमियों का जेम पोर्टल पर मौके पर पंजीकरण किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य एमएसएमई इकाइयों को आधुनिक तकनीक और सरकारी खरीद प्रक्रियाओं से जोड़कर उनकी प्रतिस्पर्धात्मकता एवं बाजार पहुंच बढ़ाना था।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उद्योग केंद्र ऊना के प्रबंधक ज्ञान चंद शर्मा ने की, जबकि हरोली इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कौशल विशेष रूप से उपस्थित रहे। ज्ञान चंद शर्मा ने कहा कि जेम पोर्टल एमएसएमई इकाइयों के लिए सरकारी खरीद का पारदर्शी माध्यम है और सभी इकाइयों को इस पर पंजीकरण करवाना चाहिए। राकेश कौशल ने भी अधिक से अधिक उद्यमियों के पंजीकरण पर जोर दिया तथा आरएएमपी टीम से इच्छुक उद्यमियों को फॉलोअप के माध्यम से जरूरी सहायता देने का आग्रह किया।
ऑटोमेशन और सरकारी खरीद प्रक्रिया की जानकारी
कार्यशाला के पहले सत्र में प्रशिक्षक तुषार शर्मा ने स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग की जानकारी दी। उन्होंने उद्योग 4.0, ऑटोमेशन, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, डेटा आधारित निर्णय और लागत अनुकूलन जैसे विषयों को उदाहरणों के साथ समझाया। दूसरे सत्र में रवि वर्मा ने जेम एवं सीपीपी पोर्टल पर प्रशिक्षण देते हुए पंजीकरण, बोली प्रक्रिया, एमएसएमई के अनुकूल प्रावधानों और समयबद्ध भुगतान से संबंधित जानकारी साझा की। इस दौरान आरएएमपी टीम ने प्रतिभागियों को तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराई।
उद्यमियों ने कार्यशाला में रुचि दिखाते हुए फिजिबिलिटी सर्वेक्षण के लिए उत्साह व्यक्त किया। प्रश्नोत्तर सत्र में पहले से पंजीकृत उद्यमियों ने जेम पोर्टल से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। कार्यशाला के दौरान दिए गए व्यावहारिक प्रशिक्षण के आधार पर 10 उद्यमियों का जेम पोर्टल पर तत्काल पंजीकरण पूरा किया गया। आयोजकों ने आधुनिक उत्पादन तकनीकों और सरकारी खरीद व्यवस्था की जानकारी के माध्यम से एमएसएमई इकाइयों की बाजार तक पहुंच मजबूत करने पर जोर दिया।