Loading...

भदौड़ी में सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा का शिविर, 112 मरीजों की जांच, 65 के हुए स्वास्थ्य टेस्ट

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 51 Mins Ago • 1 Min Read

सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में प्रयास सोसायटी द्वारा संचालित सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को घर-द्वार के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी कड़ी में हरोली विधानसभा क्षेत्र के गांव भदौड़ी में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 112 मरीजों की ओपीडी के माध्यम से स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि 65 लोगों के विभिन्न स्वास्थ्य टेस्ट किए गए।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

प्रयास सोसायटी की टीम ने मरीजों को दिया चिकित्सकीय परामर्श, जरूरतमंदों को बांटी दवाइयां

शिविर के दौरान स्वास्थ्य टीम ने मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। इसके साथ ही जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध करवाई गईं। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके गांव के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाना तथा उन्हें समय पर स्वास्थ्य जांच और उपचार संबंधी सलाह उपलब्ध करवाना रहा।

आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से जरूरतमंदों तक पहुंच रही सेवा

सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य जांच, विभिन्न प्रकार के टेस्ट, दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से स्वास्थ्य टीम जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर उन्हें इन सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित कर रही है। इससे विशेष रूप से उन लोगों को राहत मिल रही है, जिन्हें स्वास्थ्य जांच के लिए दूरदराज के अस्पतालों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

शिविर में डॉ. प्रदीप कुमार, रुचि, मनीष, निहाल सिंह, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर भारती तथा आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

गांव में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर से लाभान्वित ग्रामीणों ने सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा, प्रयास सोसायटी और स्वास्थ्य टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गांव के नजदीक स्वास्थ्य जांच, टेस्ट, दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिलने से ग्रामीणों को काफी लाभ मिल रहा है।

Related Topics: • •