महिलाओं को समान अधिकार और अवसर प्रदान करना समतामूलक समाज के निर्माण के लिए आवश्यक : प्रो. कविता कौशल
उप तहसील जोल एवं ग्राम पंचायत चौकीमन्यार के अंतर्गत आने वाले राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में रेड रिबन क्लब एवं रेड क्रॉस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में ‘महिलाओं के अधिकार’ विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को महिलाओं के संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, लैंगिक समानता तथा महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करना था।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
कार्यक्रम में महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्या प्रो० कविता कौशल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को समान अधिकार और अवसर प्रदान करना एक समतामूलक एवं सशक्त समाज के निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और समानता सुनिश्चित करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। साथ ही, विद्यार्थियों को महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने और समानता पर आधारित सामाजिक वातावरण बनाने के लिए प्रेरित किया।
विशेष व्याख्यान देते हुए डॉ० सगुन डोगरा ने महिलाओं के संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, लैंगिक समानता, शिक्षा के महत्व, कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और समाज में व्याप्त लैंगिक भेदभाव को दूर करने में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ० रामकुमार नेगी, प्रो० नवीन शर्मा सहित अन्य प्राध्यापकगण एवं समस्त कार्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को महिला अधिकारों के महत्व को समझने तथा समानता, सम्मान और न्याय पर आधारित समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।