भाजपा समर्थित पार्षदों की गैरहाजिरी से अटका नगर परिषद का ताज
नाहन नगर परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद का चुनाव रविवार को कोरम पूरा न होने के कारण टल गया। भाजपा समर्थित पार्षदों की गैरहाजिरी के चलते प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी और अब चुनाव के लिए 24 जून की नई तारीख तय की गई है।
नाहन
नाहन नगर परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव रविवार को कौरम पूरा न होने के कारण स्थगित कर दिए गए। भाजपा समर्थित पार्षदों की अनुपस्थिति के चलते निर्धारित चुनाव प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। अब चुनाव के लिए 24 जून की नई तिथि तय की गई है।
चुनाव अधिकारी उपेंद्र चौहान ने बताया कि अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नाहन नगर परिषद के टाउन हॉल में सुबह 11 बजे से 11:30 बजे तक का समय निर्धारित किया गया था। निर्धारित समयावधि समाप्त होने के बाद भी सात पार्षद उपस्थित नहीं हुए।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद में कुल 13 पार्षद हैं और चुनाव प्रक्रिया के लिए तीन-चौथाई कौरम के तहत 10 सदस्यों की उपस्थिति आवश्यक थी। हालांकि केवल छह पार्षद ही उपस्थित रहे, जिसके चलते चुनाव संपन्न नहीं कराया जा सका। उन्होंने बताया कि अब चुनाव 24 जून को आयोजित किए जाएंगे।
चौहान ने कहा कि यदि 24 जून को भी अनुपस्थित पार्षद नहीं पहुंचते हैं तो उस स्थिति में उपस्थित सदस्यों की मौजूदगी में ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद का चुनाव करवाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि नाहन नगर परिषद के 13 वार्डों में हुए चुनाव में छह कांग्रेस समर्थित और सात भाजपा समर्थित पार्षद निर्वाचित हुए हैं। वहीं विधायक के वैधानिक मताधिकार के कारण अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव में दोनों पक्षों के बीच मुकाबला बराबरी का माना जा रहा है।
इस बीच चुनाव प्रक्रिया के लिए विशेष रूप से आमंत्रित विधायक अजय सोलंकी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। सोलंकी ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में कुछ पार्षद चुनाव की तिथि तय न होने को लेकर उपायुक्त के पास शिकायत करने पहुंचे थे, लेकिन जब चुनाव की तिथि निर्धारित हो गई तो वही लोग चुनाव से दूर हो गए।
उन्होंने कहा कि इससे साफ प्रतीत होता है कि भाजपा में हार का डर है। सोलंकी ने कहा कि विधायक के रूप में मतदान करना उनका वैधानिक अधिकार है, लेकिन वह मतदान करें या न करें यह उनका निर्णय होगा। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि संभव है उनके वोट के बिना ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुन लिए जाएं।
सोलंकी ने कहा कि जो लोग पहले चुनाव करवाने को लेकर शोर मचा रहे थे, वही अब चुनाव प्रक्रिया से भाग रहे हैं। इससे उनकी मंशा स्पष्ट हो गई है और जनता के सामने उनका वास्तविक चेहरा उजागर हो गया है।
इस अवसर पर कांग्रेस समर्थित पार्षद योगेश गुप्ता, नरेंद्र तोमर, कपिल गर्ग, राकेश गर्ग, उपमा धीमान और वसीम खान उपस्थित रहे।