बिलासपुर में किसान भवन के पास संदिग्ध हालात में मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
बिलासपुर शहर के व्यस्त किसान भवन के पास गुरुवार शाम सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव संदिग्ध हालात में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान मेन मार्केट बिलासपुर निवासी संजय कुमार के रूप में हुई है। मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
बिलासपुर
शव मिलने की सूचना फैलने के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। थाना सदर बिलासपुर के तहत चौकी शहर की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को भी बुलाया गया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया।
पुलिस जांच के दौरान मृतक की पहचान संजय कुमार पुत्र सुरेंद्र कुमार, निवासी मेन मार्केट बिलासपुर के रूप में की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति की मौत किन कारणों से हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है। एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि की है।