Loading...

2027 में भाजपा की जीत में निर्णायक भूमिका निभाएगा अनुसूचित जाति मोर्चा : मनीष चौहान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 54 Mins Ago • 1 Min Read

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष चौहान ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन बूथ स्तर तक अपनी ताकत मजबूत करने के अभियान में जुटा है। उन्होंने बताया कि 6 हजार बूथों पर 32 हजार कार्यकर्ताओं को जोड़ा गया है, जिनका अगले तीन माह में सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत बूथ संगठन और सक्रिय कार्यकर्ताओं के बल पर अनुसूचित जाति मोर्चा भाजपा की चुनावी रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

नाहन

भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष चौहान ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अनुसूचित जाति मोर्चा भाजपा की जीत में निर्णायक भूमिका निभाएगा। इसके लिए संगठन बूथ स्तर तक अपनी ताकत को और मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। रविवार को नाहन स्थित भाजपा मुख्यालय दीपकमल में प्रदेश के 16 संगठनात्मक जिलों के अध्यक्षों एवं प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने यह बात कही।

मनीष चौहान ने बताया कि पिछले चार महीनों में अनुसूचित जाति मोर्चा ने प्रदेश के करीब 8 हजार बूथों में से 6 हजार बूथों पर 32 हजार अनुसूचित जाति वर्ग के कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ा है। अब अगले तीन महीनों में प्रदेश, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारी प्रत्येक कार्यकर्ता से व्यक्तिगत रूप से मिलेंगे। उनका सत्यापन किया जाएगा तथा तैयार की गई सूचियों का पुनरीक्षण भी होगा, ताकि संगठन केवल कागजों तक सीमित न रहकर पूरी तरह सक्रिय और जमीनी स्तर पर कार्य कर सके।उन्होंने कहा कि भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा बूथ स्तर पर सशक्त संगठन खड़ा करने के अभियान में जुटा है। प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार की जा रही है, जो समाज के बीच लगातार कार्य करेगी। उनका कहना था कि मजबूत बूथ संगठन ही वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत की मजबूत नींव बनेगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों में अनेक शिक्षण संस्थानों को बंद कर अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों के हितों की अनदेखी की गई है। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में सबसे अधिक अनुसूचित जाति और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चे अध्ययन करते हैं, ऐसे में संस्थानों को बंद करने का सबसे अधिक असर इन्हीं परिवारों पर पड़ा है।उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति मोर्चा आने वाले समय में घर-घर जाकर समाज के बीच संवाद स्थापित करेगा और भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ताओं के दम पर वर्ष 2027 में भाजपा की सरकार बनाने में अनुसूचित जाति मोर्चा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इससे पूर्व रविवार को आयोजित बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल तथा संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने प्रदेश के 16 संगठनात्मक जिलों के अध्यक्षों एवं प्रदेश पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।पत्रकार वार्ता में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री मोहन भारती, प्रदेश महामंत्री अजय कबीर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Related Topics: