Loading...

पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों में भाजपा की सुनामी, कांग्रेस को जनता ने दिया करारा जवाब : संदीपनी भारद्वाज

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकाय चुनावों के परिणामों को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने इसे कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता का स्पष्ट जनादेश बताया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेशभर में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को व्यापक जनसमर्थन मिला है और कई स्थानीय निकायों में भाजपा का दबदबा स्थापित हुआ है।

सिरमौर

पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकाय चुनावों के परिणाम सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने चुनाव परिणामों को कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता का स्पष्ट जनादेश बताते हुए कहा कि प्रदेशभर में भाजपा की सुनामी चली है और जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है।शिमला में जारी बयान में संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि नगर निगमों से लेकर जिला परिषद और बीडीसी स्तर तक भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को व्यापक जनसमर्थन मिला है। उन्होंने दावा किया कि चार नगर निगमों में से तीन—मंडी, धर्मशाला और सोलन—में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पष्ट बढ़त और बहुमत हासिल किया है। वहीं पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में भी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने प्रदेशभर में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है।

उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों ने यह साबित कर दिया है कि प्रदेश की जनता वर्तमान कांग्रेस सरकार की कार्यशैली से निराश है। जनता ने विकास, सुशासन और जवाबदेही के पक्ष में मतदान करते हुए भाजपा पर अपना भरोसा जताया है। भारद्वाज ने कहा कि अधिकांश जिलों में जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों के पहुंचने की स्थिति बन चुकी है, जबकि बीडीसी स्तर पर भी भाजपा का दबदबा स्पष्ट दिखाई दे रहा है।भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि शिमला जिला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को मिली जीत यह दर्शाती है कि जनता सरकार की नीतियों से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने दावा किया कि चौपाल, रोहड़ू, रामपुर, ठियोग, कुमारसैन और शिमला ग्रामीण जैसे क्षेत्रों में मिले जनसमर्थन ने भाजपा की संगठनात्मक मजबूती को सिद्ध किया है।

संदीपनी भारद्वाज ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार चुनावों को टालने और स्थगित करने का प्रयास कर रही थी क्योंकि उसे अपनी हार का अंदेशा था। उन्होंने कहा कि कई मंत्रियों और कांग्रेस नेताओं के प्रभाव वाले क्षेत्रों में भी भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत ने सरकार की लोकप्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।उन्होंने कहा कि नगर निगमों, जिला परिषदों और बीडीसी चुनावों के नतीजे केवल स्थानीय निकायों के परिणाम नहीं हैं, बल्कि प्रदेश सरकार के कामकाज पर जनता की राय भी हैं। जनता ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वह परिवर्तन चाहती है और आने वाले समय में हिमाचल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि जब जनता इतनी स्पष्टता के साथ सरकार के खिलाफ अपना मत दे चुकी है तो मुख्यमंत्री को नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए और नया जनादेश लेने के लिए जनता के बीच जाना चाहिए।उन्होंने इस जीत को भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और जनता के विश्वास का परिणाम बताते हुए प्रदेशवासियों, पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि भाजपा जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए विकास और जनसेवा के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

Related Topics: