Loading...

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली पहुंचे व्लादिमीर पुतिन, प्रधानमंत्री मोदी से करेंगे वार्ता

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 8 Hours Ago • 1 Min Read

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 में भाग लेने के लिए शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे। उनका विमान पालम एयरफोर्स स्टेशन पर उतरा, जहां विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने उनका स्वागत किया। पुतिन सम्मेलन में शामिल होने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय मुद्दों पर वार्ता होने की उम्मीद है।

दिल्ली

एयरपोर्ट से रूसी राष्ट्रपति का काफिला रवाना हो गया। उनके होटल आईटीसी मौर्या में ठहरने की संभावना है। पुतिन की यात्रा को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। एयरपोर्ट से संभावित होटल और वहां से भारत मंडपम तक जाने वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित होगा, जिसमें कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और सरकारों के प्रमुख शामिल होंगे।

चार स्तर का सुरक्षा घेरा

पुतिन के संभावित ठहराव वाले होटल और आसपास के क्षेत्र में कई स्तरों पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। सबसे अंदर क्लोज प्रोटेक्शन टीम उनकी नजदीकी सुरक्षा संभालेगी। इसके बाद दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तैनात रहेंगे। तीसरे स्तर पर दिल्ली पुलिस के कमांडो और अर्धसैनिक बलों के जवान होंगे, जबकि बाहरी सुरक्षा घेरे की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस के पास रहेगी। होटल के कर्मचारियों की भी जांच की गई है।

रूस की सुरक्षा टीम पहले ही दिल्ली पहुंचकर होटल और आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा ले चुकी है। पुतिन के साथ रूसी कमांडो और सुरक्षा अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। संभावित होटल में एक अतिरिक्त डीसीपी और दो एसीपी को अलग-अलग शिफ्ट में तैनात किया गया है। रूसी सुरक्षा अधिकारियों ने भारतीय एजेंसियों के साथ मिलकर तैयारियों की समीक्षा की है और राष्ट्रपति की आवाजाही के दौरान सुरक्षा घेरा बनाए रखने की व्यवस्था की गई है।

प्रधानमंत्री मोदी से द्विपक्षीय वार्ता

भारत दौरे के दौरान पुतिन की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शुक्रवार को मुलाकात होने की उम्मीद है। दोनों नेताओं के बीच रक्षा, व्यापार और आर्थिक सहयोग सहित विभिन्न द्विपक्षीय विषयों पर चर्चा हो सकती है। भारत इस वर्ष ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है और नई दिल्ली में होने वाले सम्मेलन में आर्थिक सहयोग तथा वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। पिछले नौ महीनों में पुतिन की यह दूसरी भारत यात्रा है। इससे पहले वह 5 दिसंबर 2025 को भारत आए थे।

Related Topics: