Category: ACCIDENT

दुर्घटना

  • संगड़ाह में मोटरसाइकिल हादसा, खाई में गिरने से युवक की मौत, छोटा भाई गंभीर घायल

    संगड़ाह में मोटरसाइकिल हादसा, खाई में गिरने से युवक की मौत, छोटा भाई गंभीर घायल

    सिरमौर जिले के संगड़ाह क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल दुर्घटना में युवक की जान चली गई जबकि उसका छोटा भाई घायल हो गया। हादसा पहाड़ी मार्ग पर वाहन के संतुलन बिगड़ने से हुआ।

    सिरमौर/संगड़ाह

    खरोतियों खाला के पास हादसा
    हरिपुरधार की ओर जा रही मोटरसाइकिल खरोतियों खाला के समीप अचानक अनियंत्रित हो गई। वाहन सड़क से फिसलकर लगभग 30 मीटर नीचे ढलान पार करते हुए जंगल क्षेत्र में जा गिरा, जिससे दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

    अस्पताल में चालक को मृत घोषित किया गया
    घायलों को तुरंत उपचार के लिए सरकारी अस्पताल हरिपुरधार पहुंचाया गया। वहां चिकित्सा अधिकारियों ने 22 वर्षीय चालक अरूण कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके 18 वर्षीय छोटे भाई रमन को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च स्वास्थ्य केंद्र के लिए रेफर किया गया।

    मामला दर्ज, जांच जारी
    पुलिस थाना संगड़ाह में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

  • संगड़ाह में कार गहरी खाई में गिरी, एक युवक की मौत, दो अन्य घायल

    संगड़ाह में कार गहरी खाई में गिरी, एक युवक की मौत, दो अन्य घायल

    सिरमौर जिले के संगड़ाह क्षेत्र में एक वाहन दुर्घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई और दो अन्य घायल हुए। हादसा पहाड़ी मार्ग पर वाहन के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने से हुआ।

    सिरमौर/संगड़ाह

    खाई में गिरा वाहन
    सतयायी नाला के समीप एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

    एक की मौत, दो घायल
    हादसे में पालर पंचायत के चौकीदार अभिमन्यु (31) पुत्र सुंदर सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वाहन में सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।जहां से उपरोक्त तीनों को इलाज के लिये CHC संगड़ाह पहुंचाया गया जहां पर डॉक्टर साहब ने अभिमन्यु उपरोक्त को मृत घोषित कर दिया तथा अशोक को ईलाज हेतु सरकारी हस्पताल नाहन का रैफर कर दिया ।

    जांच में जुटी पुलिस
    प्राप्त सूचना के आधार पर दिनांक 05-02-2026 को गाडी चालक अशोक, संजय कुमार तथा अभिमन्यु उपरोक्त दिन को डेबरघाट से गाड़ी न0 HP -79-2810 में वापिस आ रहे थे तो शाम करीब 07:45 बजे सतयायी नाला के पास गाड़ी लगभग 100 मीटर नीचे खाई में चली गई । मामले की जाँच की जा रही है।

  • चौपाल–पांवटा साहिब मार्ग पर HRTC बस हादसा, 3 की मौत, 32 यात्री थे सवार

    चौपाल–पांवटा साहिब मार्ग पर HRTC बस हादसा, 3 की मौत, 32 यात्री थे सवार

    उत्तराखंड के क्वाणु में पास लेते समय डंगा बैठने से गहरी खाई में गिरी बस

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ चौपाल

    चौपाल से वाया उत्तराखंड पांवटा साहिब जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस उत्तराखंड के क्वाणु क्षेत्र में पास लेते समय डंगा बैठने के कारण अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।

    इस दर्दनाक हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
    कंडक्टर से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में लगभग 32 यात्री सवार थे।

    हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

    घटना की सूचना मिलते ही शिमला और सिरमौर से HRTC के अधिकारियों का दल घटनास्थल के लिए रवाना हो गया। वहीं चौपाल से एसडीएम, डीएसपी और आरटीओ नाहन को भी मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। राहत एवं बचाव कार्य के लिए उत्तराखंड प्रशासन से भी सहयोग लिया जा रहा है।

    सीएम सुक्खू और डिप्टी सीएम अग्निहोत्री ने जताया शोक, हरसंभव सहायता के निर्देश

    हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जिला सिरमौर के अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया है।

    मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों तथा घायलों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश देते हुए घायलों के समुचित इलाज का भरोसा दिलाया है। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है, वहीं हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

  • बद्दी की मानपुरा पंचायत में शोभायात्रा के दौरान करंट हादसा, 20 वर्षीय युवक की मौत

    बद्दी की मानपुरा पंचायत में शोभायात्रा के दौरान करंट हादसा, 20 वर्षीय युवक की मौत

    गुरु रविदास जयंती के अवसर पर निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान बद्दी की मानपुरा पंचायत में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद उत्सव का माहौल शोक में बदल गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

    सोलन/बद्दी

    वार्ड आठ में हुआ हादसा
    यह घटना मानपुरा पंचायत के वार्ड संख्या आठ में पेश आई। स्थानीय निवासी रामलाल का पुत्र अजय कुमार शोभायात्रा में शामिल था।

    झंडा रस्म के दौरान लगा करंट
    बताया गया कि जब अजय कुमार पवित्र झंडा चढ़ाने की रस्म निभा रहा था, उसी दौरान उसका संपर्क पास की इमारत पर लगी बिजली की सजावटी लाइटों से हो गया। झंडे के माध्यम से करंट फैलने पर वह मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़ा।

    अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
    हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोग युवक को उपचार के लिए नालागढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

    पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
    सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू की और मामले की जांच तेज कर दी है। एएसपी अशोक वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि हादसे के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी पहलुओं की जांच की जा रही है।

  • पांवटा-कालाअंब नेशनल हाईवे पर फिर पलटा बजरी से लदा ट्राला, बड़ा हादसा टला

    पांवटा-कालाअंब नेशनल हाईवे पर फिर पलटा बजरी से लदा ट्राला, बड़ा हादसा टला

    ओवरलोड ट्रालों से हाईवे बना खतरे का रास्ता, लोगों में दहशत

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन

    पांवटा साहिब–कालाअंब नेशनल हाईवे पर बुधवार तड़के एक बार फिर बजरी से लदा ट्राला हादसे का शिकार हो गया। यह घटना शंभुवाला में गुरुद्वारे के समीप सुबह करीब चार बजे पेश आई, जब कालाअंब की ओर जा रहा ट्राला अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।

    गनीमत यह रही कि हादसे के समय कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। चालक को भी कोई चोट नहीं आई है।

    हैरानी की बात यह है कि पांवटा-कालाअंब नेशनल हाईवे पर रेत-बजरी से लदे ट्रालों के हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। बीते कुछ समय से इस मार्ग पर ओवरलोड ट्राले बार-बार अनियंत्रित होकर पलट रहे हैं, जिससे हाईवे पर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

    उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले इसी नेशनल हाईवे पर गोशाला के समीप एक तीखे मोड़ पर बजरी से लदा ट्राला पलट गया था। वह ट्राला भी कालाअंब की ओर जा रहा था और अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया था। ताजा हादसे ने एक बार फिर लोगों की चिंताएं बढ़ा दी हैं।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि पांवटा-कालाअंब नेशनल हाईवे पर ओवरलोड रेत-बजरी के ट्राले अकसर खराब होकर बीच सड़क में रुक जाते हैं। विशेषकर खजुरना से नाहन की ओर चढ़ाई वाले हिस्से में ये ट्राले हांफते नजर आते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति बन जाती है।

    लगातार हो रहे हादसों के चलते राहगीरों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ओवरलोड ट्रालों पर सख्ती नहीं की गई, तो इस व्यस्त नेशनल हाईवे पर किसी बड़े और गंभीर हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

  • सिरमौर में 24 घंटे में 4 सड़क हादसे, हरिपुरधार में एक की मौत, 6 घायल

    सिरमौर में 24 घंटे में 4 सड़क हादसे, हरिपुरधार में एक की मौत, 6 घायल

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन

    जिला सिरमौर में बीते 24 घंटे के भीतर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चार सड़क हादसे सामने आए हैं। इन दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कुल छह लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस थाना संगड़ाह में दर्ज मामले के अनुसार हरिपुरधार से लौटते समय एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।

    शिकायतकर्ता जगपाल सिंह निवासी मोहाली (पंजाब) ने पुलिस को बताया कि वह दोस्तों के साथ हरिपुरधार घूमने गया था। वापसी के दौरान कार चालक की लापरवाही के चलते यह दुर्घटना पेश आई। मृतक की पहचान जगपाल पुत्र राम सिंह निवासी कालका, जिला पंचकुला (हरियाणा) के रूप में हुई है।

    दूसरा हादसा पुलिस थाना श्री रेणुकाजी क्षेत्र में सामने आया। यहां एक तेज रफ्तार टिप्पर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसमें मोटरसाइकिल सवार पिता-पुत्र घायल हो गए। शिकायतकर्ता रिंकु निवासी गांव पनार ने बताया कि टिप्पर चालक की लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई।

    तीसरा मामला पुलिस थाना पुरुवाला क्षेत्र का है। बायोवेदा कंपनी के पास गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रही एक मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़े कैंटर की खिड़की से टकरा गई। इस हादसे में मोटरसाइकिल चालक घायल हो गया। प्रारंभिक जांच में मोटरसाइकिल चालक और कैंटर चालक दोनों की लापरवाही सामने आई है।

    चौथा मामला भी बीते 24 घंटे के भीतर दर्ज किया गया है, जिसमें वाहन दुर्घटना से जुड़ा मामला जांचाधीन है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

    जिला सिरमौर पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने हादसों की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि बरसात के मौसम में सावधानी बरतें, गति नियंत्रित रखें और यातायात नियमों का पालन करें।

  • बारामती विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन, 16 साल पुराने चार्टर्ड प्लेन ने लैंडिंग के दौरान तोड़ा दम

    बारामती विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन, 16 साल पुराने चार्टर्ड प्लेन ने लैंडिंग के दौरान तोड़ा दम

    बारामती

    महाराष्ट्र के पुणे जिले में स्थित बारामती हवाई अड्डे पर आज सुबह एक बड़ा विमान हादसा हो गया, जिसमें राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हो गया है।

    जानकारी के अनुसार, अजित पवार का चार्टर्ड प्लेन लैंडिंग के वक्त रनवे पर अनियंत्रित होकर क्रैश हो गया। इस दर्दनाक हादसे में उपमुख्यमंत्री सहित विमान में मौजूद सभी पांचों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई।

    बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना सुबह करीब 8:45 बजे हुई जब विमान मुंबई से उड़ान भरकर बारामती पहुंचा था।

    ​इस हादसे में विमान की स्थिति को लेकर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त हुआ यह चार्टर्ड प्लेन (Learjet 45) लगभग 16 वर्ष पुराना था।

    विशेषज्ञों का मानना है कि विमान की उम्र और संभावित तकनीकी खराबी इस हादसे का मुख्य कारण हो सकती है। लैंडिंग के अंतिम क्षणों में पायलट ने विमान पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद प्लेन जमीन से टकराकर आग के गोले में तब्दील हो गया।

    मलबे की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि संभवत विमान का इंजन या लैंडिंग गियर फेल हुआ होगा, जिसकी विस्तृत जांच अब नागरिक उड्डयन महानिदेशालय की टीम करेगी।

    ​विमान में अजित पवार के साथ उनके निजी सुरक्षा अधिकारी, एक सहायक और दो अनुभवी पायलट सवार थे। हादसे की खबर मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में बचाव दल मौके पर पहुंचा, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि किसी को भी जीवित नहीं निकाला जा सका। इस घटना ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। मुख्यमंत्री और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने इसे महाराष्ट्र की राजनीति का एक काला दिन बताया है। फिलहाल बारामती एयरपोर्ट को सील कर दिया गया है और विमान के ‘ब्लैक बॉक्स’ की तलाश की जा रही है ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके।

  • आंधी-तूफान से काला अंब की पशुपति स्पिनिंग मिल को भारी नुकसान

    आंधी-तूफान से काला अंब की पशुपति स्पिनिंग मिल को भारी नुकसान

    बॉयलर की चिमनी गिरी, फैक्ट्री की छत क्षतिग्रस्त

    काला अंब

    औद्योगिक क्षेत्र काला अंब की प्रमुख औद्योगिक इकाई पशुपति स्पिनिंग मिल में शुक्रवार को आई तेज आंधी, तूफान और बारिश के कारण भारी नुकसान हुआ है। तेज हवाओं के चलते फैक्ट्री की बॉयलर से जुड़ी मुख्य चिमनी टूटकर गिर गई, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार आंधी की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बॉयलर की चिमनी पूरी तरह ध्वस्त हो गई। इसके साथ ही फैक्ट्री की छत को भी काफी नुकसान पहुंचा है।

    घटना के समय फैक्ट्री परिसर में कर्मचारी मौजूद थे, हालांकि गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।

    फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा किए गए प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस प्राकृतिक आपदा में मिल को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है और मरम्मत कार्य की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।

    फैक्ट्री के प्रबंधक राजेश गुप्ता ने बताया कि अचानक आई भारी आंधी के कारण यह नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि बॉयलर की प्रमुख चिमनी पूरी तरह टूट गई है और फैक्ट्री की छत भी क्षतिग्रस्त हुई है, लेकिन राहत की बात यह है कि कोई कर्मचारी घायल नहीं हुआ।

    उल्लेखनीय है कि बीते कुछ दिनों से क्षेत्र में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। तेज हवाओं और बारिश के कारण औद्योगिक क्षेत्र में अन्य इकाइयों को भी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

  • शिलाई उपमंडल में तालों खड्ड के पास सड़क हादसा, 18 वर्षीय युवक की मौत, दो गंभीर घायल

    शिलाई उपमंडल में तालों खड्ड के पास सड़क हादसा, 18 वर्षीय युवक की मौत, दो गंभीर घायल

    शिलाई उपमंडल के रोनहाट क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च उपचार केंद्र पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।

    सिरमौर/शिलाई

    अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार
    उपमंडल शिलाई के रोनहाट के समीप तालों खड्ड के पास कार संख्या HP-85-0428 अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में 18 वर्षीय कुलदीप सिंह पुत्र जीत सिंह, निवासी गांव शरोग, डाकघर कांडो भटनोल, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर की मौके पर ही मौत हो गई।

    दो युवक गंभीर रूप से घायल
    दुर्घटना में रघुबीर सिंह (21 वर्ष) पुत्र संतराम, निवासी गांव झकांडों, तहसील शिलाई तथा प्रकाश सिंह (17 वर्ष) पुत्र सायबू राम, निवासी गांव मुंडियाड गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत शिलाई अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।

    चालक ने कूदकर बचाई जान
    जानकारी के अनुसार हादसे के समय चालक वाहन के खाई में गिरने से पहले ही बाहर कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

    पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
    शिलाई अस्पताल के प्रभारी डॉ. विवेक शर्मा ने बताया कि मृतक कुलदीप सिंह का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि घायलों का उच्च उपचार केंद्र में इलाज जारी है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

  • चंबा में निजी होटल के बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव बरामद

    चंबा में निजी होटल के बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव बरामद

    निजी होटल के बाहर युवक की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

    चंबा

    बनीखेत के उगराल गांव में मिला शव, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

    हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के बनीखेत क्षेत्र के उगराल गांव में स्थित एक निजी होटल के बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

    मृतक की पहचान शिमला निवासी अमित वैसली के रूप में

    मृतक की पहचान 32 वर्षीय अमित वैसली पुत्र जान वैसली, निवासी गांव व डाकघर जतोग कैंट, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने नूरपुर से फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।

    डेढ़ महीने से होटल में रह रहा था युवक

    पुलिस के अनुसार अमित वैसली पिछले करीब डेढ़ महीने से उगराल स्थित निजी होटल में रह रहा था। वह एमईएस डलहौजी में ठेकेदार के रूप में कार्यरत था और कार्य के सिलसिले में क्षेत्र में ठहरा हुआ था।

    फोन पर बात करते हुए बाहर निकला, अचानक गिर पड़ा

    प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बीते शुक्रवार को अमित मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए होटल से बाहर निकला था। इसी दौरान होटल के बाहर ही वह अचानक गिर पड़ा। आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक ठंड के कारण उसकी मौत हो गई।

    रातभर बाहर पड़ा रहा शव, सुबह हुआ खुलासा

    रातभर युवक बाहर ही पड़ा रहा, जिससे उसका शरीर अकड़ गया था। शनिवार सुबह जब होटल कर्मियों ने युवक को बेसुध अवस्था में देखा तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

    पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

    पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर डलहौजी अस्पताल भेजा, जहां परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कर शव उन्हें सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।