Category: ACCIDENT

दुर्घटना

  • पांवटा साहिब–कालाअंब नेशनल हाईवे पर सुबह पलटा बजरी से लदा ट्राला

    पांवटा साहिब–कालाअंब नेशनल हाईवे पर सुबह पलटा बजरी से लदा ट्राला

    गोशाला के पास तीखे मोड़ पर हादसा, बड़ा नुकसान टला, कुछ देर लगा जाम

    नाहन हिमाचल नाऊ न्यूज़

    पांवटा साहिब–कालाअंब नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। गोशाला के समीप एक तीखे मोड़ पर बजरी से लदा ट्राला अचानक पलट गया, जिससे कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्राला कालाअंब की ओर जा रहा था। मोड़ पर पहुंचते ही ट्राले का पिछला हिस्सा अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत यह रही कि हादसे के समय ट्राले की चपेट में कोई अन्य वाहन नहीं आया, जिससे जानमाल का नुकसान होने से बच गया।

    हादसे के बाद ट्राले में लदी बजरी सड़क पर फैल गई, जिससे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सीमित हो गई। मौके पर केवल एक लेन का कुछ हिस्सा ही चालू रह पाया, जिससे खासकर बड़े वाहनों को निकालने में काफी परेशानी हुई और कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बनी रही।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर रेत और बजरी से लदे ओवरलोड ट्रालों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। खजुरना से नाहन की ओर चढ़ाई वाले हिस्से में ऐसे भारी ट्राले अकसर खराब हो जाते हैं या अनियंत्रित होकर जाम और हादसों का कारण बन रहे हैं।

    हाईवे पर बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर लोगों ने ओवरलोड वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की मांग की है।

  • आनी के चवाई में निर्माणाधीन मकान में आग, 40 लाख रुपये की संपत्ति को भारी नुकसान

    आनी के चवाई में निर्माणाधीन मकान में आग, 40 लाख रुपये की संपत्ति को भारी नुकसान

    निर्माणाधीन मकान में अचानक लगी आग से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग को फैलने से पहले काबू में कर लिया गया।

    कुल्लू/आनी

    निर्माणाधीन आरसीसी मकान में अचानक भड़की आग

    पुलिस थाना आनी के अंतर्गत चवाई क्षेत्र में धोगी की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित एक निर्माणाधीन आरसीसी मकान में अचानक आग लग गई। मकान सीता ठाकुर का बताया जा रहा है, जहां आग लगते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

    लकड़ी, शटरिंग और प्लास्टिक क्रेट जलकर राख

    आग की इस घटना में टीडी के 40 स्लीपर, मकान की पुरानी लकड़ी, करीब 1000 प्लास्टिक क्रेट और शटरिंग पूरी तरह जल गई। इसके साथ ही निर्माणाधीन मकान के पिल्लरों, दीवारों और लैंटर में भी दरारें आने की सूचना है।

    करीब 40 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान

    प्रारंभिक आकलन के अनुसार आगजनी की इस घटना में लगभग 40 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

    अग्निशमन विभाग और ग्रामीणों ने पाया काबू

    सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के अन्य मकानों को सुरक्षित बचा लिया गया।

    पुलिस ने दर्ज किया मामला

    पुलिस अधीक्षक मदन लाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

  • उत्तराखंड सड़क हादसे में घायल शिलाई के सेना जवान कपिल का उपचार के दौरान निधन

    उत्तराखंड सड़क हादसे में घायल शिलाई के सेना जवान कपिल का उपचार के दौरान निधन

    नाहन

    उत्तराखंड में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के भारतीय सेना के जवान ग्रेनेडियर कपिल का बुधवार देर रात उपचार के दौरान निधन हो गया। हादसे के करीब दो सप्ताह बाद उन्होंने अंतिम सांस ली।

    जानकारी के अनुसार ग्रेनेडियर कपिल 8 जनवरी को उत्तराखंड के सेलाकुई, देहरादून में सड़क दुर्घटना का शिकार हुए थे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। इसके बाद उन्हें सेलाकुई स्थित ग्राफिक एरा अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां वह लगातार उपचाराधीन थे।

    बुधवार रात करीब 2 बजकर 50 मिनट पर उपचार के दौरान जवान की मौत हो गई। हादसे की सूचना परिजनों और पुलिस द्वारा संबंधित बटालियन को दे दी गई है।

    ग्रेनेडियर कपिल जिला सिरमौर की शिलाई विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मिल्ला के पटना गांव के निवासी थे। वह 18 सितंबर 2018 को ग्रेनेडियर रेजिमेंट में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वह 16वीं बटालियन के अंतर्गत 55वीं राष्ट्रीय राइफल्स के अधीन जम्मू-कश्मीर में तैनात थे।


    02 जून 1998 को जन्मे कपिल पिछले सात वर्षों से भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे थे। वह पिता पंचराम और माता जयंती देवी के तीन बेटों और तीन बेटियों में सबसे बड़े थे।

    ग्रामीणों के अनुसार कपिल एक साहसी और अनुशासित सैनिक थे। जवान की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर है।
    भूतपूर्व सैनिक संगठन ने जवान की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। संगठन का कहना है कि इतने युवा और होनहार सैनिक का इस तरह जाना देश के लिए अपूरणीय क्षति है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रेनेडियर कपिल का अंतिम संस्कार शुक्रवार को उनके पैतृक गांव पटना, पंचायत मिल्ला, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा।

    उधर, जिला सिरमौर सैनिक कल्याण बोर्ड के उपनिदेशक सेवानिवृत्त मेजर दीपक धवन ने बताया कि स्टेशन मुख्यालय से अभी तक आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। सूचना मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • पांवटा साहिब के माजरा में सड़क हादसा, वाहन की टक्कर से महिला की मौके पर मौत

    पांवटा साहिब के माजरा में सड़क हादसा, वाहन की टक्कर से महिला की मौके पर मौत

    पांवटा साहिब के माजरा क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की जान चली गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    सिरमौर/पांवटा साहिब

    हादसे की पूरी जानकारी

    पुलिस थाना माजरा के अंतर्गत यह दुर्घटना उस समय हुई जब एक वाहन की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला को संभलने का मौका नहीं मिला। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

    पुलिस जांच और कानूनी कार्रवाई

    इस मामले में वाहन चालक राम प्रसाद निवासी गांव गड खास, तहसील पालमपुर जिला कांगड़ा की शिकायत पर पुलिस ने धारा 281 और 106 BNS के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।

  • लापरवाह ड्राइविंग बनी हादसों की वजह / सड़क हादसों में एक की मौत, एक घायल, दो मामले दर्ज

    लापरवाह ड्राइविंग बनी हादसों की वजह / सड़क हादसों में एक की मौत, एक घायल, दो मामले दर्ज

    पांवटा साहिब क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि एक अन्य घायल हुआ है। दोनों मामलों में पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में केस दर्ज किया है।

    पांवटा साहिब/सिरमौर

    कार की टक्कर से बाइक सवार घायल

    पांवटा साहिब पुलिस ने राकेश कुमार पुत्र गोपाल, निवासी गांव कुंजा मतरालियों के बयान पर मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार काम से घर लौटते समय एक सफेद रंग की आल्टो कार ने पीछे से मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे राकेश कुमार घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में धारा 281, 125(A) BNS व 187 मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत

    दूसरे मामले में संदीप धीमान पुत्र श्याम लाल धीमान, निवासी गांव भूपपुर के बयान पर कार्रवाई की गई है। जानकारी के अनुसार एक ट्रक ने पीछे से मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार विवेक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ धारा 281, 106(1) BNS व 187 मोटर वाहन अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर अन्वेषण शुरू कर दिया है।

  • नाहन में सड़क हादसे में 15 साल के किशोर की दर्दनाक मौत, गाड़ी से पास लेते वक्त आवारा पशु से टकराया

    नाहन में सड़क हादसे में 15 साल के किशोर की दर्दनाक मौत, गाड़ी से पास लेते वक्त आवारा पशु से टकराया

    नाहन :

    शहर के समीप कांशीवाला सब्जी मंडी के समीप रविवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अमन पुत्र अमजद अली निवासी विक्रमबाग के रूप में हुई है।

    पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की उम्र आधार कार्ड के अनुसार 15 वर्ष थी। जानकारी के अनुसार अमन अपने घर विक्रमबाग से नाहन की ओर आ रहा था कि कांशीवाला के समीप पहुंचते ही बस को ओवरटेक करते हुए वह बेसहारा पशु से टकरा गया।

    हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए अमन को स्थानीय लोगों ने तुरंत नजदीकी साईं अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    हादसे की सूचना तुरंत पुलिस चौकी कच्चा टैंक को दी गई, जहां से टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

    एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही हादसे की जांच शुरू कर दी है। उधर, इस हादसे के बाद विक्रमबाग क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

  • सिरमौर में भीषण सड़क हादसा: बाइक सवार की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

    सिरमौर में भीषण सड़क हादसा: बाइक सवार की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

    शिलाई
    सिरमौर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 707 पर काफोटा और शिल्ला के बीच शनिवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार आल्टो कार ने बाइक को टक्कर मार दी,

    जिससे एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
    घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

    पुलिस के अनुसार, बाइक पर दो लोग सवार थे और वे काफोटा से शिल्ला की तरफ जा रहे थे। पाब गांव के पास शिरगांव के समीप बाइक कार की चपेट में आ गई।

    इस दुर्घटना में बाइक सवारों में से 50 वर्षीय रघुवीर सिंह पुत्र मनसा राम, निवासी जाजला, की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल 28 वर्षीय संजय कुमार, निवासी रिठौग नवासी, को पांवटा साहिब अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया।

    सिलाई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

  • सरकाघाट उपमंडल में एचआरटीसी बस दुर्घटनाग्रस्त, खेतों में पलटी बस से कई यात्री घायल

    सरकाघाट उपमंडल में एचआरटीसी बस दुर्घटनाग्रस्त, खेतों में पलटी बस से कई यात्री घायल

    सरकाघाट उपमंडल के हवाणी क्षेत्र के पास एचआरटीसी की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी। हादसे में बस चालक सहित कई यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

    मंडी/सरकाघाट

    सरकाघाट उपमंडल के अंतर्गत हवाणी क्षेत्र के पास गोभड़ता से सरकाघाट की ओर जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस अचानक अनियंत्रित हो गई। बस सड़क से फिसलते हुए नीचे खेतों में जा लुढ़की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि बस गहरी खाई में गिरने से बच गई, अन्यथा नुकसान कहीं अधिक हो सकता था।

    हादसे के समय बस में करीब 15 यात्री सवार थे। दुर्घटना में कुल सात लोग घायल हुए हैं। घायलों में बस चालक दिनेश कुमार सहित खडकू राम, ब्राह्मी देवी, कुन्ता देवी, कौशल्या देवी (पत्नी कश्मीर सिंह), नीमा देवी और कौशल्या देवी (पत्नी किशन चंद) शामिल हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सरकाघाट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना में बस चालक को अपेक्षाकृत अधिक चोटें आई हैं, जबकि अन्य यात्रियों को हल्की से मध्यम चोटें लगी हैं। बस के दुर्घटनाग्रस्त होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने अपने निजी वाहनों से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

    हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू किया और दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी या सड़क की स्थिति को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।

  • सलूणी उपमंडल में दर्दनाक अग्निकांड, कुहंड गांव में घर और घास का भंडार जलकर राख

    सलूणी उपमंडल में दर्दनाक अग्निकांड, कुहंड गांव में घर और घास का भंडार जलकर राख

    कड़ाके की ठंड के बीच सलूणी उपमंडल के कुहंड गांव में हुए अग्निकांड ने एक परिवार को खुले आसमान के नीचे ला खड़ा किया है। आग में मकान के साथ पशुओं के लिए जमा घास भी पूरी तरह नष्ट हो गई।

    सलूणी/चंबा

    कड़ाके की ठंड से जूझ रही सलूणी घाटी में ग्राम पंचायत मांझली के कुहंड गांव से एक बेहद पीड़ादायक घटना सामने आई है। यहां ग्रामीण रमेश कुमार के रिहायशी मकान में अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही पलों में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि दो कमरों का पूरा मकान देखते ही देखते जलकर खाक हो गया और परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिल सका।

    इस अग्निकांड में केवल मकान ही नहीं, बल्कि रमेश कुमार द्वारा अपने मवेशियों के लिए जमा की गई लगभग 1000 घास की बेठ भी पूरी तरह जल गई। इस नुकसान ने परिवार के सामने न सिर्फ रहने की गंभीर समस्या खड़ी कर दी है, बल्कि पशुओं के चारे का संकट भी पैदा हो गया है। सर्द मौसम में हुई इस घटना से पीड़ित परिवार की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

    घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस तुरंत सक्रिय हो गए। एसडीएम सलूणी चंद्रवीर सिंह ने आग लगने की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही राहत दलों को मौके पर भेज दिया गया था। दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में रखने और नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई हैं।

    फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा इस अग्निकांड के कारणों की जांच की जा रही है। राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं, लेकिन इस हादसे ने पीड़ित परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है और उनका वर्षों का संजोया आशियाना चंद पलों में राख में तब्दील हो गया।

  • बड़ा अपडेट : सिरमौर में मातम में बदलीं माघी पर्व की खुशियां

    बड़ा अपडेट : सिरमौर में मातम में बदलीं माघी पर्व की खुशियां

    भीषण अग्निकांड में 3 मासूम समेत 6 की मौत चार मकान राख, तीन मवेशी भी जले, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल

    नोहर धार

    जिला सिरमौर के उपमंडल संगड़ाह की नौहराधार तहसील के तहत घंडुरी के समीप तलांगना गांव में वीरवार तड़के करीब तीन बजे भीषण अग्निकांड हो गया।

    इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों समेत छह लोगों की जलकर मौत हो गई।माघी पर्व की रात हुई इस हृदयविदारक घटना से समूचे गिरिपार क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

    आग की चपेट में आकर चार रिहायशी मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए।घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहराधार में भर्ती कराया गया है।

    सूचना मिलते ही पुलिस थाना संगड़ाह, पुलिस चौकी नौहराधार और हरिपुरधार से टीमें मौके पर पहुंचीं।घटनास्थल पर इंद्रा देवी पत्नी स्व. यशवंत सिंह, विजय सिंह पुत्र नेत्र सिंह, भीम सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह और मीन सिंह पुत्र अतर सिंह के मकान आग की चपेट में पाए गए।

    पुलिस के अनुसार माघी पर्व के चलते इंद्रा देवी के घर रिश्तेदार मेहमान के रूप में ठहरे हुए थे।इनमें नरेश कुमार पुत्र दुर्गा राम निवासी टपरोली, उनकी पत्नी तृप्ता देवी, कविता देवी पत्नी लोकेंद्र सिंह निवासी कुमड़ा, तहसील नेरवा जिला शिमला तथा उनके बच्चे कृतिका, सारिका और कार्तिक शामिल थे।

    इस भीषण अग्निकांड में नरेश कुमार, तृप्ता देवी, कविता देवी, कृतिका, सारिका और कार्तिक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।हादसे के दौरान कविता देवी के पति लोकेंद्र सिंह गंभीर रूप से झुलस गए।

    पुलिस को दिए बयान में लोकेंद्र सिंह ने बताया कि रात को सभी लोग भोजन कर सो गए थे।तड़के करीब तीन बजे कमरे में अचानक धुआं भर गया और रसोईघर की ओर से जोरदार धमाके की आवाज आई।

    इसके बाद आग तेजी से पूरे मकान में फैल गई, जिससे वह बाहर निकलते समय झुलस गए।इस अग्निकांड में इंद्रा देवी की पशुशाला भी जल गई।पशुशाला में बंधी दो गाय और एक बछड़ी की भी आग में झुलसकर मौत हो गई।

    पुलिस ने घटनास्थल से जले हुए शवों को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी है।अग्निकांड के कारणों की जांच की जा रही है।प्रशासन द्वारा राहत एवं आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।