Category: ACCIDENT

दुर्घटना

  • जांच में हुआ खुलासा, ऐसे हुई थी तीन वर्षीय मासूम की मौत

    जांच में हुआ खुलासा, ऐसे हुई थी तीन वर्षीय मासूम की मौत

    HNN / काँगड़ा

    जिला कांगड़ा के तहत आते चिकित्सा खंड भवारना में अल्बेंडाज़ोल दवाई खाने के बाद हुई बच्ची की मौत मामले में विभागीय टीम ने जांच पूरी कर ली है। जांच टीम ने पाया कि बच्ची की मौत के लिए न तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की गलती थी और न दवाई में कोई खराबी। दवाई पिलाते वक्त हुई उल्टी का कुछ भाग श्वास नली से फेफड़ों में चला गया था।

    इस वजह से बच्ची की तबीयत बिगड़ी और बाद में उसकी मौत हो गई। गौरतलब है कि पूरे प्रदेश में सोमवार को हर आंगनबाड़ी केंद्र व स्कूलों में बच्चों के पेट के कीड़े मारने की दवाई (अल्बेंडाज़ोल ) खिलाई गई थी। इसी कड़ी में चंजेहड़ गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में भी दवाई खिलाई जा रही थी। इस दौरान तीन वर्षीय बच्ची दवा न पीने की जिद करने लगी। इसके बाद बच्ची की मां ने उसे दवा पिलाने का प्रयास किया।

    दवाई पीने के दौरान बच्ची ने उल्टी कर दी। इसके बाद बच्ची को सिविल अस्पताल भवारना में उपचार के लिए ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं, जब चिकित्सकों द्वारा बच्ची का पोस्टमार्टम किया गया तो परिजनों ने मना कर दिया। जिसके बाद बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया। उधर, डॉ. कटोच ने बताया कि मामले की जांच पूरी कर ली गई है और रिपोर्ट जिला स्वास्थ्य अधिकारी को सौंप दी जाएगी।

  • यात्रियों से भरी बस की हुई ब्रेक फेल, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

    यात्रियों से भरी बस की हुई ब्रेक फेल, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

    HNN / लाहौल-स्पीति

    हिमाचल प्रदेश में आज एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल टल गया। यहां यात्रियों से भरी एक एचआरटीसी की बस खाई में गिरने से बाल-बाल बच गई। जानकारी के अनुसार रिकांगपिओ-कुल्लू-केलांग रुट पर चलने वाली केलांग डिपो की एचआरटीसी बस अपने रूट पर जा रही थी।

    बस में तकरीबन 31 यात्री सवार थे। जैसे ही बस कैंची मोड़ पर पहुंची अचानक ब्रेक फेल होने से बाहर की तरफ निकल गई। बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। ऐसे में चालक ने सूझबूझ से हैंड ब्रेक लगाकर बस को पलटने से बचा लिया। यदि चालक मुस्तैदी नहीं दिखाता तो बस मोड़ पर पलट सकती थी। वही , हादसे में किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है, सभी सुरक्षित है।

    फिलहाल हादसे की जांच की जा रही है। तकनीकी टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आखिर बस की ब्रेक फेल हुई थी या किसी अन्य कारण से बस अनियंत्रित हो गई थी।

  • खड़ी पिकअप से टकराई बाइक, चालक की दर्दनाक मौत..

    खड़ी पिकअप से टकराई बाइक, चालक की दर्दनाक मौत..

    HNN/ ऊना

    ऊना स्थित अंब के नंदपुर के पास बाइक के दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक की मृत्यु हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रमण कुमार पुत्र पुरुषोत्तम दास निवासी ठठल बाइक (HP-72-4818) पर सवार होकर जा रहा था कि तभी नंदपुर के पास पहुंचा तो सड़क किनारे खड़ी पिकअप से टकरा गया। बाइक के पिकअप से टकरा जाने के कारण चालक नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

    जिसके बाद उसे स्थानीय लोगों द्वारा उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीँ, कटौहड़ खुर्द के वार्ड नंबर-4 निवासी अजय शर्मा पुत्र विशन दास ने इस बाबत पुलिस थाना अंब में बयान दर्ज करवाया है। अजय शर्मा के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्यवाही अमल में लाई है।

    एसएचओ अंब आशीष पठानिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बाइक के खड़ी पिकअप से टकरा जाने के कारण एक युवक की मृत्यु हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

  • आँगनवाडी की दवा खाने से बिगड़ी तीन वर्षीय मासूम की तबीयत, मौत

    आँगनवाडी की दवा खाने से बिगड़ी तीन वर्षीय मासूम की तबीयत, मौत

    HNN / काँगड़ा

    राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के तहत सोमवार को हिमाचल प्रदेश के 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पेट के कीड़े मारने के लिए अल्बेंडाजोल दवा दी गई। इस दौरान 1 से 5 वर्ष तक के बच्चों को दवा के साथ-साथ विटामिन ए की बूंदे पिलाई गई। लेकिन जिला कांगड़ा में इस दवा से तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई।

    दरअसल, कांगड़ा जिले के तहत भेडू महादेव ब्लाक की पंचायत बारी चंजेहड़ के आँगनवाडी केंद्र आरठ में कार्यकर्ता ने अल्बेंडाजोल दवा बच्ची की मां के पास दी थी। मां ने जब दवा खिलाई तो बच्ची को अचानक उल्टियां शुरू हो गईं। इसके बाद बच्ची को सांस लेने में दिक्कत होने लगी।

    बच्ची की तबियत बिगड़ती देख परिजन तुरंत बच्ची को सिविल अस्पताल भवारना ले आये , लेकिन एक घंटे के भीतर बच्ची की मौत हो गई। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डा. गुरदर्शन गुप्ता ने डिप्टी सीएमओ व बीएमओ को मामले की जांच का निर्देश दिया है। उपायुक्त कांगड़ा ने पालमपुर के एसडीएम को मामले की जांच का जिम्मा सौंपा है।

  • दिहाड़ी लगा कर घर लौट रहा था व्यक्ति, रास्ते में पेश आया दर्दनाक हादसा और…

    दिहाड़ी लगा कर घर लौट रहा था व्यक्ति, रास्ते में पेश आया दर्दनाक हादसा और…

    HNN/ चंबा

    प्रदेश के जिला चंबा में दिहाड़ी लगाकर वापस लौट रहे व्यक्ति के साथ एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। इस दौरान पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया जिसके चलते उसकी मौत हो गई। वही दिहाड़ी-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले व्यक्ति की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, मान सिंह (55) निवासी चिल्ली चुराह दिहाडी लगाकर वापिस घर की तरफ जा रहा था कि तभी तीसा पुल के पास पहुंचा तो अचानक ही पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर गिर गया जो कि उसके सिर पर लगा। पत्थर लगने के कारण व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया और मौके पर ही बेसुध हो गया।

    जिसके बाद जब किसी ने व्यक्ति को लहूलुहान अवस्था में देखा तो उसे उपचार के लिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर चिकित्सकों ने व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। वहीं सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और व्यक्ति के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। खबर की पुष्टि डीएसपी हेड क्वार्टर अजय शर्मा ने की है।

  • गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से व्यक्ति की दर्दनाक मौत

    गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से व्यक्ति की दर्दनाक मौत

    HNN/ चंबा

    जिला चंबा के तीसा में बीती रात गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक की मृत्यु हो गई है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया है। इसके साथ ही मौके का भी निरीक्षण किया है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रताप चंद पुत्र दूनी चंद निवासी चमवास गाड़ी में सवार होकर घर की ओर जा रहा था कि तभी धुसोट के पास पहुंचा तो गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।

    हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और व्यक्ति को गाड़ी से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया परंतु चिकित्सकों ने यहां व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। डीएसपी हेड क्वार्टर अजय कुमार ने खबर की पुष्टि की है।

  • अनियंत्रित होकर गहरी खाई में लुढ़की कार, हादसे में एजीएम की मौत..

    अनियंत्रित होकर गहरी खाई में लुढ़की कार, हादसे में एजीएम की मौत..

    HNN/ शिमला

    शिमला के शोघी मैहली बाईपास में गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से एजीएम की मौत हो गई है। हालांकि, घायल को स्थानीय लोगों द्वारा उपचार के लिए अस्पताल भी पहुंचाया गया था परंतु तब तक व्यक्ति दम तोड़ चुका था। वहीँ, थाना न्यू शिमला में धारा 279,304ए के तहत मामला दर्ज किया गया है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, सतलुज जल विद्युत निगम में एजीएम के पद पर कार्यरत बृजेश कुमार गाड़ी (HP 63बी 3989) में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान जैसे ही गाड़ी शोघी-मेहली बाइपास पर बड़ागांव में पहुंची तो गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई।

    इस दौरान गाड़ी तकरीबन 500 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी जिससे व्यक्ति की मौत हो गई। हालांकि, अभी तक दुर्घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है परंतु बताया जा रहा है कि गाड़ी के स्किड होने से यह हादसा हुआ है।

  • दो मंजिला मकान चढ़ा आग की भेंट, खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर हुए परिवार

    दो मंजिला मकान चढ़ा आग की भेंट, खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर हुए परिवार

    HNN/ चंबा

    जनजातीय क्षेत्र पांगी के शुण पंचायत के बिच्वास गांव में भीषण अग्निकांड हुआ है जिसमें दो मंजिला मकान जलकर खाक हो गया है। घर के आग की भेंट चढ़ने से दो परिवार खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर है। हालांकि, अभी तक घर में आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

    उधर, प्रशासन की तरफ से दोनों ही परिवारों को फौरी राहत के तौर पर 10-10 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुण पंचायत के बिच्वास गांव निवासी सुनी राम व मंगल चंद के दो मंजिला मकान से अचानक ही धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने भयानक रूप धारण कर लिया।

    जिसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए और आग पर काबू पाने में जुट गए। इस दौरान ग्रामीणों ने बर्फ को आग के ऊपर फेंका जिसके चलते आग पर काबू पाया जा सका। अग्निकांड की इस घटना में घर के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है जिससे पीड़ित परिवार को लाखों का नुक्सान हुआ है।

  • 4 नवंबर से लापता चल रहे व्यक्ति का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

    4 नवंबर से लापता चल रहे व्यक्ति का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

    HNN / कांगड़ा

    जिला कांगड़ा के उपमंडल नूरपुर के तहत आती पंचायत नागनी में लापता व्यक्ति का बीती शाम शव बरामद हुआ है। व्यक्ति की पहचान राजेश निवासी नूरपुर वार्ड नंबर-3 के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

    जानकारी के अनुसार मृतक व्यक्ति नूरपुर नगर परिषद के पूर्व वार्ड सदस्य मनोहर का भतीजा था। वह 4 नवंबर को अचानक लापता हो गया। परिजनों ने व्यक्ति को काफी ढूंढने की तलाश की लेकिन जब व्यक्ति का कहीं कुछ पता नहीं चल पाया, तो उन्होंने नूरपुर थाने में व्यक्ति के गुम होने की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस द्वारा व्यक्ति की हर जगह तलाश की गई, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पाया।

    वहीं बीते कल जब पुलिस को सूचना मिली कि नग्न अवस्था में एक व्यक्ति का शव नागनी क्षेत्र में पड़ा हुआ है। तो पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और देखा कि वह शव राजेश का था। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को इसकी सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है, जहां आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा और उसके आधार पर आगामी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

  • नाले में गिरने से व्यक्ति की मौत, पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा…

    नाले में गिरने से व्यक्ति की मौत, पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा…

    HNN/ शिमला

    जुब्बल डाक कार्यालय के समीप एक व्यक्ति नाले में गिर गया जिसके चलते उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान जमधार चौहान (60) पुत्र धर्मनाथ चौहान निवासी गांव नवादा डॉ. इसवापुर, जिला छपरा (बिहार) के रूप में हुई है। वहीं, सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया।

    जानकारी के अनुसार, जुब्बल क्षेत्र में मजदूरी का काम करने वाला जमधार का रास्ते में पैर फिसला जिसके चलते वह नाले में गिर गया। नाले में गिरने के कारण व्यक्ति मौके पर ही बेसुध हो गया। जिसके बाद स्थानीय लोग उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे जहां पर चिकित्सकों ने व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। डीएसपी रोहडू़ चमन लाल ने मामले की पुष्टि की है।