यात्रियों से भरी बस की हुई ब्रेक फेल, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
HNN / लाहौल-स्पीति
हिमाचल प्रदेश में आज एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल टल गया। यहां यात्रियों से भरी एक एचआरटीसी की बस खाई में गिरने से बाल-बाल बच गई। जानकारी के अनुसार रिकांगपिओ-कुल्लू-केलांग रुट पर चलने वाली केलांग डिपो की एचआरटीसी बस अपने रूट पर जा रही थी।
बस में तकरीबन 31 यात्री सवार थे। जैसे ही बस कैंची मोड़ पर पहुंची अचानक ब्रेक फेल होने से बाहर की तरफ निकल गई। बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। ऐसे में चालक ने सूझबूझ से हैंड ब्रेक लगाकर बस को पलटने से बचा लिया। यदि चालक मुस्तैदी नहीं दिखाता तो बस मोड़ पर पलट सकती थी। वही , हादसे में किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है, सभी सुरक्षित है।
फिलहाल हादसे की जांच की जा रही है। तकनीकी टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आखिर बस की ब्रेक फेल हुई थी या किसी अन्य कारण से बस अनियंत्रित हो गई थी।