Category: ACCIDENT

दुर्घटना

  • मृत अवस्था में मिला व्यक्ति, नहीं हो पाई शिनाख्त

    मृत अवस्था में मिला व्यक्ति, नहीं हो पाई शिनाख्त

    HNN/ शिमला

    ठियोग उपमंडल के अंतर्गत फागू बाजार के नजदीक नाली में एक अज्ञात शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। हालांकि, अभी तक मृतक व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को आईजीएमसी शिमला के शव गृह में रखवा दिया है। जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को फागू बाजार के नजदीक नाली में अचेत अवस्था में पड़ा हुआ देखा।

    लोगों ने जब पास जाकर देखा तो पता चला कि व्यक्ति की मौत हो चुकी है। जिसके बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आईजीएमसी शिमला में पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया गया। हालांकि मृत्यु के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

    परंतु प्रथम दृष्टया से कयास लगाए जा रहे हैं कि व्यक्ति की मौत ठंड लगने के कारण हुई है। डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

  • जंगल में लकड़ियां लेने गई महिला पर भालू ने किया हमला, बुरी तरह घायल

    जंगल में लकड़ियां लेने गई महिला पर भालू ने किया हमला, बुरी तरह घायल

    HNN/ चंबा

    जिला चंबा में भालू के आतंक से लोग बुरी तरह से सहमे हुए हैं। भालू आए दिन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर रहे हैं। अब एक बार फिर भालू ने एक महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया है। भालू के हमले से महिला की टांग और बाजू में गंभीर चोट लगी है जिसका उपचार मेडिकल काॅलेज चम्बा में चल रहा है।

    मामला विकास खंड चम्बा की जडेरा पंचायत का है। यहाँ हिना पत्नी लतीफ निवासी गांव चमीनू डाकघर व पंचायत जडेरा पर भालू ने उस वक्त हमला किया जब वह जंगल में लकड़ियां इकट्ठी कर रही थी। इस दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे भालू ने महिला पर अचानक ही हमला बोल दिया।

    भालू के हमला किए जाने से महिला भी बुरी तरह से घबरा गई और उसने चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे तो भालू भी वहां से भाग निकला। वही लगातार बढ़ रहे भालू के हमले से लोग खासे डरे हुए हैं।

    उधर, डीएफओ चम्बा अमित शर्मा ने बताया कि भालू के हमले से घायल महिला को फौरी राहत प्रदान की जाएगी।

  • दर्दनाक हादसा- पिकअप के दुर्घटनाग्रस्त होने से 2 लोगों की मौत

    दर्दनाक हादसा- पिकअप के दुर्घटनाग्रस्त होने से 2 लोगों की मौत

    HNN/ शिमला

    हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पेश आए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। मृतकों की पहचान 37 वर्षीय जगमोहन निवासी गांव जाहू तहसील ननखड़ी और 33 वर्षीय राजेश निवासी गांव श्याम नगर तहसील ननखड़ी के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया है।

    जानकारी अनुसार, पिकअप में सवार होकर दोनों व्यक्ति कहीं जा रहे थे कि तभी जैसे ही वाहन शिमला जिले के ठियोग में एनएच-05 पर सरुवन के पास पहुंचा तो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़क गया। जिसके बाद हादसे की सूचना शुक्रवार देर रात को पुलिस को दी गई।

    सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत कर दोनों के शवों को पिकअप से बाहर निकाला जा सका। थाना प्रभारी कुलबीर सिंह ने बताया कि पिकअप के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो व्यक्तियों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि शवों को ठियोग अस्पताल पहुंचा दिया गया है। इसके साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

  • सड़क से लुढ़ककर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, महिला की दर्दनाक मौत

    सड़क से लुढ़ककर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, महिला की दर्दनाक मौत

    HNN/ शिमला

    हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक बोलेरो गाड़ी सड़क से लुढ़क कर गहरी खाई में गिर गई जिस कारण महिला की मौत हो गई। वहीँ, ठियोग थाना में आईपीसी की धारा 279, 304-A के तहत चालक के विरूद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोलेरो गाड़ी (HP 9A-6397) शिमला जिले के ठियोग में सड़क किनारे खड़ी की हुई थी जिसमें एक महिला विद्या देवी सवार थी।

    इसी दौरान ड्राइवर हैंड ब्रेक लगाना भूल गया जिससे गाड़ी ढलान में लुढ़कती हुई गहरी खाई में गिर गई। इस दौरान गाड़ी सड़क से लुढ़क कर 150 मीटर नीचे तक जा गिरी। वहीं हादसे के बाद स्थानीय लोगों द्वारा राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया तथा महिला को गाड़ी से बाहर निकाला गया। इस दौरान महिला को उपचार के लिए अस्पताल भी पहुंचाया गया परंतु तब तक वह दम तोड़ चुकी थी।

  • आईटीबीपी के जवान की हृदयाघात से मौत, भतीजे मुकेश ने दी मुखाग्नि

    आईटीबीपी के जवान की हृदयाघात से मौत, भतीजे मुकेश ने दी मुखाग्नि

    HNN / काँगड़ा

    जिला कांगड़ा के उपमंडल शाहपुर के तहत आती ग्राम पंचायत केटलू में वीरवार को क्षेत्र में माहौल उस समय गमगीन हो गया जब उनके गांव के बेटे की पार्थिव देह घर पहुंची। पार्थिव देह को देखकर हर किसी की आंखें नम थी। दरअसल, 55 वर्षीय रायसिंह आईटीबीपी की 28वीं बटालियन तिहाड़ जेल दिल्ली में उपनिरीक्षक के पद पर सेवारत थे।

    उन्हें बुधवार को ड्यूटी के दौरान अचानक सीने में दर्द उठा। इसके बाद उन्हें यूनिट अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उन्होंने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वीरवार दोपहर उनकी पार्थिव देह उनके पैतृक गांव पहुंची। रायसिंह अपने पीछे पत्नी आशा देवी और इकलौती बेटी कनिका को छोड़ गए।

    अपना बेटा न होने के चलते भतीजे मुकेश ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान बटालियन की तरफ से आए संजय कुमार सहायक कमांडेंट, उप निरीक्षक किशोरी लाल और सशक्त बल की टुकड़ी ने उन्हें सलामी दी। ‌

  • वेल्डिंग का काम कर रहा व्यक्ति छठी मंजिल से गिरा, दर्दनाक मौत

    वेल्डिंग का काम कर रहा व्यक्ति छठी मंजिल से गिरा, दर्दनाक मौत

    HNN/ सोलन

    सोलन शहर के साथ लगते बसाल की हिमुडा कॉलोनी में वेल्डिंग का काम कर रहे व्यक्ति का लोहे के चैनल से पांव फिसल जाने के कारण वह नीचे गिर गया। छठी मंजिल से नीचे गिरने के कारण व्यक्ति बुरी तरह से घायल हुआ जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया परंतु व्यक्ति की जान नहीं बचाई जा सकी।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमीरपुर जिला के भोरंज का निवासी 50 वर्षीय विजय कुमार निर्माणाधीन इमारत में वेल्डिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान लोहे के चैनल से उसका पैर फिसल गया जिस कारण वह छठी मंजिल से नीचे गिर पड़ा। गिरने से वह बुरी तरह से घायल हुआ जिसे अन्य मजदूरों द्वारा उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया।

    यहां पर चिकित्सकों ने व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। वही सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और व्यक्ति के शव को कब्जे में लिया गया। पुलिस द्वारा आज व्यक्ति के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। एसपी सोलन वीरेंद्र शर्मा ने पुष्टि की है।

  • ड्यूटी से घर लौट रही महिला पर सांड ने किया हमला, बुरी तरह घायल

    ड्यूटी से घर लौट रही महिला पर सांड ने किया हमला, बुरी तरह घायल

    HNN / ऊना

    जिला ऊना के तहत आती ग्राम पंचायत बहडाला में लोगों का इन दिनों घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। यहां एक महिला पर आवारा सांड ने हमला कर दिया। सांड के हमले से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

    दरअसल, राज देवी आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी में कार्यरत है। वह शाम को जब ड्यूटी से घर लौट रही थी, तो अचानक एक आवारा सांड ने उस पर हमला कर दिया। महिला के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने बीच-बचाव कर महिला को सांड के चंगुल से छुड़वाया।

    बुरी तरह से घायल महिला को लोग तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए। बता दें कि इससे पहले भी गांव की एक महिला पर सांड हमला कर चुका है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस समस्या को लेकर जल्द से जल्द बड़ा कदम उठाने का आग्रह किया है।

  • जुड़वा बेटियों के सिर से उठा पिता का साया, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

    जुड़वा बेटियों के सिर से उठा पिता का साया, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

    HNN / हमीरपुर

    जिला हमीरपुर के नादौन उपमंडल में एक व्यक्ति की खाई में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय नरेश कुमार पुत्र बाल कृष्ण के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार नरेश कुमार घर की ओर जा रहा था।

    घर से थोड़ी पीछे ही उसका पैर फिसला और वह अनियंत्रित होकर 30 फीट गहरे नाले में जा गिरा। जब काफी देर तक व्यक्ति घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसे ढूंढने के लिए घर से निकले। कुछ ही दूरी पर उन्होंने देखा कि नरेश नाले में गिरा हुआ था और उसके सिर से खून भी बह रहा था। इसके बाद उन्होंने व्यक्ति को खाई से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी, व्यक्ति दम तोड़ चुका था।

    बता दें कि मृतक की दो जुड़वा बेटियां और एक छोटा बेटा है। व्यक्ति की मौत से घर में सन्नाटा पसरा हुआ है। उधर, थाना प्रभारी योगराज चंदेल ने कहा कि मृतक का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर आगामी छानबीन की जा रही है।

  • दो मंजिला मकान में आग लगने से सारा सामान जलकर स्वाहा, 6 परिवार बेघर..

    दो मंजिला मकान में आग लगने से सारा सामान जलकर स्वाहा, 6 परिवार बेघर..

    HNN/ शिमला

    हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में दो मंजिला मकान में आग लगने से अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है। इस दो मंजिला मकान में 6 परिवार रहते थे जिनके सिर से छत छीन गई है। कड़कती ठंड के बीच 6 परिवार बेघर हो गए हैं। हालांकि, अभी तक मकान में आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है परंतु इससे पीड़ित परिवार को लाखों रुपए का नुक्सान हुआ है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहडू उपमंडल की शेखल पंचायत के क्यारकू गांव में यह आग की घटना पेश आई है। यहाँ नरेंद्र पुत्र नंत राम, नंत राम पुत्र बंखरू मल, राजेश पुत्र नंत राम, दिनेश पुत्र नंत राम, संत राम पुत्र बंखरू राम और पंकज पुत्र संत राम के दो मंजिला मकान में अचानक ही चिंगारी सुलग गई।

    देखते ही देखते आग ने भयानक रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर में आग लगती देख गांव में भी अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए। हालांकि, सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची थी परंतु तब तक 50 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो चुकी थी।

    उधर, एसडीएम रोहडू सन्नी शर्मा ने बताया कि आग लगने से दो मंजिला मकान जलकर राख हुआ है। उन्होंने बताया कि अग्निकांड से प्रभावित हुए परिवार को पांच-पांच हज़ार रूपए की फौरी राहत प्रदान की गई है। बताया कि प्रभावित परिवार की सहायता के लिए प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

  • चामुंडा नंदिकेश्वर धाम आये श्रद्धालु की हृदयाघात से मौत

    चामुंडा नंदिकेश्वर धाम आये श्रद्धालु की हृदयाघात से मौत

    HNN / कांगड़ा

    जिला कांगड़ा के चामुंडा नंदिकेश्वर धाम आये बाहरी राज्य के एक श्रद्धालु की हृदयाघात से मौत हो गई है। मृतक की पहचान महेश अग्रवाल (68) निवासी वृंदावन रोड मथुरा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार महेश अग्रवाल अपने परिवार के साथ चामुंडा नंदिकेश्वर धाम दर्शन करने के लिए आया हुआ था।

    जैसे ही वह बुधवार को दोपहर के समय मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर पहुंचे, अचानक महेश को चक्कर आ गया और वह नीचे गिर गया। आस-पास मौजूद लोग और परिवार के सदस्य उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल ले आए, जहां व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।

    डॉक्टरों के अनुसार व्यक्ति की मौत हृदयाघात से हुई है। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों और डॉक्टर के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही अमल में लाई।