Category: ACCIDENT

दुर्घटना

  • हरिपुरधार बस हादसा: 14 की मौत, 52 घायल, उठ बड़ सवाल भी

    हरिपुरधार बस हादसा: 14 की मौत, 52 घायल, उठ बड़ सवाल भी

    66 जिंदगियों से खिलवाड़, गिरिपार कांपा; गांव-गांव पसरा मातम.. पूरी अपडेट खबर

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ हरिपुरधार

    जिला सिरमौर के श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के हरिपुरधार में शुक्रवार दोपहर बाद करीब तीन बजे एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे गिरिपार क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। शिमला से सोलन व राजगढ़ होते हुए हरिपुरधार मार्ग से कुपवी जा रही एक निजी बस, हरिपुरधार पहुंचने से करीब 300 मीटर पहले अनियंत्रित होकर गहरी खाई में लुढ़क गई।

    हादसे के समय बस में करीब 66 यात्री सवार थे।हादसा इतना भयावह था कि बस के खाई में गिरते ही परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 52 यात्री घायल हुए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

    तेज धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गिरी पार क्षेत्र में उस समय घना कोहरा और कड़ाके की ठंड पड़ रही थी।

    इसके बावजूद स्थानीय लोग जान जोखिम में डालकर गहरी और खड़ी खाई में उतरे और बस के नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला।घायलों को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरिपुरधार पहुंचाया गया। इसके बाद गंभीर घायलों को डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन और आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया।

    प्रशासन की एंबुलेंस के साथ-साथ कई मामलों में परिजनों और स्थानीय लोगों ने अपने निजी वाहनों से घायलों को अस्पतालों तक पहुंचाया, जिससे समय रहते इलाज संभव हो सका।हादसे की सूचना मिलते ही उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा और पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।

    उपायुक्त ने मेडिकल कॉलेज नाहन को अलर्ट मोड पर रखते हुए आपातकालीन व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने इस हादसे की बारीकी से जांच के आदेश जारी करते हुए ओवरलोडिंग, कोहरा और सड़क की स्थिति को जांच का मुख्य बिंदु बताया।

    इस हादसे के बाद जिला सिरमौर सहित शिमला जिले के प्रभावित क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। गिरिपार इलाके के कई गांवों में एक साथ चूल्हे ठंडे पड़ गए हैं और गांव-गांव मातम पसरा हुआ है।

    फरिश्ता बने स्थानीय लोग

    कोहरे और कड़ाके की ठंड के बीच स्थानीय लोग सबसे पहले मौके पर पहुंचे। बिना किसी सुरक्षा उपकरण के ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला। कई घायलों को कंधों पर उठाकर सड़क तक पहुंचाया गया और निजी वाहनों से अस्पताल भिजवाया गया। इस हादसे में स्थानीय लोगों की मानवता और साहस मिसाल बनकर सामने आया।

    सड़क सुरक्षा सप्ताह और सिस्टम की विफलता

    जिस समय यह हादसा हुआ, उसी समय आरटीओ सिरमौर सड़क सुरक्षा सप्ताह मना रहा था। एक ओर जागरूकता कार्यक्रम, दूसरी ओर ओवरलोडिंग से हुआ यह भीषण हादसा परिवहन व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है।

    गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2018 में श्री रेणुका जी मेले के दौरान भी ओवरलोडिंग और ओवरस्पीड के चलते बस हादसे में 9 लोगों की मौत और 51 लोग घायल हुए थे। इसके बावजूद व्यवस्था सबक लेती नजर नहीं आ रही है।

    हादसे में मृतकों की सूची

    1. हिमांशी पुत्री आशीष, चंजाह, डाकघर कुलग, तहसील कुपवी, जिला शिमला. हीमा पत्नी जालम सिंह, धौलट, डाकघर चडोली, तहसील कुपवी, जिला शिमला. सनम पुत्री संत राम, पाब, डाकघर जरवा, उप-तहसील रोनहाट, जिला सिरमौर. बलबीर सिंह, बेचड़ का बाग, तहसील ददाहू, जिला सिरमौर. विलम सिंह पुत्र चाजू राम, जुडू शिलान, तहसील कुपवी, जिला शिमला. प्रोमिला देवी पुत्री कृपा राम, चंजाह, डाकघर कुलग, तहसील कुपवी, जिला शिमला.

    सूरत सिंह पुत्र संग्रू, कांडा बाना, तहसील कुपवी, जिला शिमला. सुमन पुत्री रण सिंह, डौंची कोठियाना, तहसील कुपवी, जिला शिमला. रमेश पुत्र दई सिंह, बोरा, डाकघर कुलग, जिला सिरमौर. कियान पुत्र विलम, नोहरा बोरा, तहसील कुपवी, जिला शिमला. रियांशी (9) पुत्री दिलावर सिंह, बोरा, डाकघर कुलग, जिला शिमला.

    मोहन सिंह, चोरास, नौहराधार. प्रियंका पुत्री धर्म सिंह, पंजाह, डाकघर कोरग, उप-तहसील हरिपुरधार. एक अज्ञात महिला (पहचान नहीं हो सकी)

    घायलों की सूची

    अभय (18), कुलदीप, मनोज (18), अवनी (13), निकिता (24), धर्म सिंह (45), सिमरन (15), संजू (22), शीतल (32), आराध्या (10), सुगना (40), नरेंद्र (42), मोहर सिंह, ममता (22), अदिति (14), विनीता (40), विजय (17), मनोज (22), टीना रावत (20), मनीषा (23), योगी, राहुल, सुनील, सिंटा (17), अंबिका, सूरज, ललित, संजय, राज, विंटा, साक्षी, पूनम, अंकिता, खजान सिंह, प्रिया, रंजू, दिनेश पुत्र गुलाब सिंह, निशांत पुत्र गुमान सिंह (कुपवी), उषा पत्नी संदीप (कुपवी), आस्था पुत्री प्रताप सिंह, नारिया (40), निहारू राम पुत्र शंकर दास, अंबिका पुत्री भागमल, चंदा राम पुत्र दोताराम, प्रियंका पत्नी नवीन कुमार, कल्पना पत्नी कुलदीप, तमन्ना पुत्री जगदीश, रंजना पुत्री सुरेश, मनीष पुत्र जगत सिंह, सुमन पुत्री विलम सिंह, अभिनंदन (7) निवासी कुपवी शामिल हैं।

  • हरिपुरधार बस हादसे पर भाजपा नेतृत्व ने जताया गहरा शोक

    हरिपुरधार बस हादसे पर भाजपा नेतृत्व ने जताया गहरा शोक

    यह हादसा अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक, घायलों के इलाज में न हो कोई कमी: डॉ. राजीव बिंदल

    नाहन

    जिला सिरमौर के हरिपुरधार क्षेत्र में शिमला से कुपवी जा रही निजी बस के गहरी खाई में गिरने से हुए भीषण हादसे पर भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

    भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सांसद राजीव भारद्वाज, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस दुर्घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

    प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने अपने शोक संदेश में कहा कि हरिपुरधार में हुआ यह बस हादसा अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में अब तक करीब आठ लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

    डॉ. बिंदल ने कहा कि बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे और हादसे की भयावहता से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है। उन्होंने बताया कि घायलों को उपचार के लिए सोलन और नाहन के अस्पतालों में भेजा गया है, जबकि अब तक सात मृतकों के पार्थिव शरीर हरिपुरधार पहुंच चुके हैं, जो इस हादसे की गंभीरता को दर्शाता है।

    उन्होंने कहा कि यह घटना पूरे प्रदेश के लिए गहरे शोक का विषय है। डॉ. बिंदल ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए और घायलों के इलाज में कोई कमी न आने दी जाए।

    भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं को शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

    भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर, सांसद राजीव भारद्वाज, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी इस दुर्घटना को पूरे प्रदेश को झकझोर देने वाला बताया। उन्होंने प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी संवेदनशीलता और तत्परता बरतने का आग्रह किया।

    भाजपा नेतृत्व ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में पार्टी पूरी संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

  • सिरमौर में बड़ा हादसा, हरिपुरधार में निजी बस गहरी खाई में गिरी

    सिरमौर में बड़ा हादसा, हरिपुरधार में निजी बस गहरी खाई में गिरी

    कई लोगों की मौत की आशंका, दर्जनों यात्री घायल, स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू जारी, डीसी सिरमौर घटना स्थल की ओर रवाना, पांच लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि


    हरिपुरधार

    जिला सिरमौर के हरिपुरधार क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। कुपवी–हरिपुरधार–शिमला रूट पर चलने वाली निजी बस जीत कोच शुक्रवार दोपहर बाद हरिपुरधार के समीप अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।


    प्राप्त जानकारी के अनुसार बस शिमला से कुपवी की ओर जा रही थी। हादसे के समय बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

    हादसे में कई लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि दर्जनों यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर अभी तक प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

    प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सड़क पर पाला जमा होने के कारण चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां तीखा मोड़ भी है, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ गई।

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया है। एसपी सिरमौर नाहन से घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है और घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य संस्थानों में भेजा जा रहा है।

    फिलहाल हादसे के कारणों और मृतकों की संख्या को लेकर प्रशासनिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। अपडेट के साथ बता दे की डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा के द्वारा पांच लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की गई है। घायलों के लिए उचित व्यवस्था प्रशासन इलाज के लिए करने में जुटा हुआ है।

  • धर्मशाला में स्कूल शिक्षा बोर्ड के पास भीषण सड़क हादसा, युवक की मौत तीन गंभीर घायल

    धर्मशाला में स्कूल शिक्षा बोर्ड के पास भीषण सड़क हादसा, युवक की मौत तीन गंभीर घायल

    धर्मशाला में देर रात हुए सड़क हादसे में एक स्थानीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में कार सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।

    धर्मशाला

    तेज रफ्तार कार हादसे का शिकार
    यह दर्दनाक हादसा स्कूल शिक्षा बोर्ड मुख्यालय के समीप उस समय हुआ, जब एक कार धर्मशाला से सकोह की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि वाहन तेज गति में था और अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया।

    पेड़ से टकराई कार, वाहन क्षतिग्रस्त
    नियंत्रण खोने के बाद कार सड़क किनारे एक बड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार में सवार लोग अंदर फंस गए।

    एक की मौके पर मौत, तीन अस्पताल में भर्ती
    हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

    पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

  • सैनवाला एनएच-07 पर सड़क हादसे में होमगार्ड कर्मी की दर्दनाक मौत

    सैनवाला एनएच-07 पर सड़क हादसे में होमगार्ड कर्मी की दर्दनाक मौत

    माजरा थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में होमगार्ड कर्मी की जान चली गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

    सिरमौर/माजरा

    एनएच-07 पर हुआ हादसा
    यह दुर्घटना माजरा थाना क्षेत्र के सैनवाला एनएच-07 पर हुई। शिकायतकर्ता रणवीर सिंह के अनुसार एक स्कूटी ने आगे चल रही मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।

    मृतक की पहचान, स्कूटी चालक पर मामला
    हादसे में मृतक की पहचान बलवीर सिंह पुत्र स्वर्गीय बालकिशन निवासी गांव कोलर, तहसील पांवटा साहिब के रूप में हुई है, जो हिमाचल प्रदेश होमगार्ड में कार्यरत थे और वर्तमान में पुलिस थाना माजरा में तैनात थे। स्कूटी चालक की पहचान सुखविंद्र सिंह निवासी रामपुर बंजारण के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच जारी रखी है।

  • बड़सर के बिझड़ी में बोलेरो खाई में लुढ़की, छह घायल, दो महिलाओं की हालत गंभीर

    बड़सर के बिझड़ी में बोलेरो खाई में लुढ़की, छह घायल, दो महिलाओं की हालत गंभीर

    बड़सर उपमंडल के बिझड़ी क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे में एक बोलेरो वाहन खाई में गिर गया। हादसे में छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।

    हमीरपुर/बड़सर-बिझड़ी

    रात के समय हुआ दर्दनाक हादसा
    उपमंडल बड़सर के अंतर्गत बिझड़ी क्षेत्र में देर रात एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसा राजा भरथरी मंदिर करहा के पास उस समय हुआ, जब वाहन मथोल से सोहारी की ओर जा रहा था।

    परिवार के छह सदस्य थे सवार
    जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन सोहारी निवासी बलदेव सिंह के परिवार के सदस्यों को लेकर घर की ओर जा रहा था। अभी वाहन कुछ किलोमीटर ही आगे बढ़ा था कि अचानक संतुलन बिगड़ने से गाड़ी सड़क से लुढ़क कर गहरी खाई में गिर गई।

    स्थानीय लोगों ने की तत्परता से मदद
    हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने घायलों को वाहन से बाहर निकाला।

    सीएचसी बिझड़ी से हमीरपुर रेफर
    घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए करीब एक किलोमीटर दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिझड़ी पहुंचाया गया। प्राथमिक चिकित्सा के बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर किया गया।

    दो महिलाओं की हालत नाजुक
    हादसे में घायल छह लोगों में से दो महिलाओं—पूनम और अर्चना—की हालत गंभीर बताई जा रही है। अन्य घायलों का भी जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

    पुलिस ने शुरू की जांच
    बिझड़ी पुलिस चौकी के एएसआई मनोज कुमार ने बताया कि हादसे के बाद घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया और उन्हें उपचार के लिए रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

  • हाइड्रा क्रेन हादसे में किशोर की मौत के बाद पांवटा साहिब-गुम्मा एनएच 707 पर जाम

    हाइड्रा क्रेन हादसे में किशोर की मौत के बाद पांवटा साहिब-गुम्मा एनएच 707 पर जाम

    हाइड्रा क्रेन की चपेट में आने से 12 वर्षीय किशोर की मौत के बाद क्षेत्र में गंभीर माहौल बन गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पांवटा साहिब-गुम्मा एनएच 707 को कई घंटों तक बंद कर दिया।

    सिरमौर/कमरऊ

    हाइड्रा क्रेन की चपेट में आया स्कूटी सवार किशोर
    शिलाई विधानसभा क्षेत्र के कमरऊ गांव के पास एनएच-707 पर सड़क किनारे खड़ी स्कूटी पर बैठे 12 वर्षीय किशोर को हाइड्रा क्रेन ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पांवटा साहिब अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

    मृतक की पहचान और हादसे की स्थिति
    मृतक की पहचान पार्थ (12) पुत्र सुरेश कुमार निवासी खजियार, कमरऊ के रूप में हुई है। बताया गया कि किशोर के पिता स्कूटी खड़ी कर पास में सामान खरीदने गए थे, तभी गुजर रही हाइड्रा क्रेन का पिछला टायर स्कूटी से टकरा गया।

    ग्रामीणों का आक्रोश, एनएच पर चक्का जाम
    किशोर की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने एनएच-707 पर बैठकर जाम लगा दिया। जाम के कारण दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

    निर्माण कंपनी और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
    ग्रामीणों ने एनएच निर्माण कंपनी, मोर्थ और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों का कहना था कि जब तक परियोजना से जुड़े जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचते, तब तक सड़क बहाल नहीं की जाएगी।

    एसपी सिरमौर एनएस नेगी के अनुसार पुलिस मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत कर रही है। हादसे की जांच शुरू कर दी गई है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

  • माजरा में दो सड़क हादसे, मोटरसाइकिल और कार की टक्कर के मामलों में केस दर्ज

    माजरा में दो सड़क हादसे, मोटरसाइकिल और कार की टक्कर के मामलों में केस दर्ज

    माजरा क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर घटनाओं की जांच शुरू कर दी है।

    सिरमौर/माजरा

    पहले मामले में दो मोटरसाइकिलों की टक्कर
    पुलिस थाना माजरा में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार माजरा निवासी अजय पुत्र श्री चंद्रसेन ने शिकायत दी कि विपिन उर्फ बंटी अपनी मोटरसाइकिल को लापरवाही से चलाते हुए दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गया। हादसे में दोनों वाहन चालकों को चोटें आई हैं।

    लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप
    प्राथमिक जांच में सामने आया है कि विपिन उर्फ बंटी द्वारा मोटरसाइकिल को तेज और लापरवाही से चलाने के कारण यह दुर्घटना हुई। इस मामले में पुलिस थाना माजरा ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज किया है।

    दूसरे मामले में कार ने मारी मोटरसाइकिल को टक्कर
    दूसरे हादसे में अजय पुत्र श्री चंद्रसेन ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि सड़क किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल को एक कार ने टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल पर सवार लड़की ने बताया कि कार चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए दुर्घटना को अंजाम दिया।

    कार चालक की तलाश जारी
    पुलिस के अनुसार कार का नंबर एचपी 17डी-0207 बताया गया है। इस मामले में पुलिस ने धारा 281, 125(ए) BNS तथा 187 MV Act के तहत मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

  • शिलाई में सड़क हादसा , अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार की मौ*त

    शिलाई में सड़क हादसा , अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार की मौ*त

    शिलाई क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

    सिरमौर/शिलाई

    अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ हादसा
    पुलिस थाना शिलाई में सड़क हादसे की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। रिपोर्ट के अनुसार शिलाई क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

    हादसे में मोटरसाइकिल सवार की मौत
    दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय नामपुर तहसील राजगढ़ निवासी के रूप में हुई है, जो हादसे के समय मोटरसाइकिल पर सवार था।

    तेज रफ्तार को बताया जा रहा कारण
    प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण न रहना बताया जा रहा है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।

    पुलिस ने दर्ज किया मामला
    इस मामले में पुलिस थाना शिलाई में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।

  • सिरमौर में दर्दनाक सड़क हादसा, पिकअप से टकराई बाइक खड्ड में गिरी

    सिरमौर में दर्दनाक सड़क हादसा, पिकअप से टकराई बाइक खड्ड में गिरी

    30 वर्षीय युवक की मौके पर मौत, रोनहाट के पास हुआ हादसा

    शिलाई

    जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र की उपतहसील रोनहाट में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोनहाट के समीप एक मोड़ पर बाइक और पिकअप जीप की आमने-सामने टक्कर हो गई।

    टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर नीचे गहरी खड्ड में जा गिरी।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नवीन कुमार (30) पुत्र आत्माराम निवासी कुमली, डाकघर शरली मानपुर, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।

    नवीन कुमार शिलाई से अपने घर की ओर बाइक पर जा रहा था। इसी दौरान मोड़ पर तेज रफ्तार के चलते बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सामने से आ रही पिकअप जीप से टकरा गई।बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक उछलकर सीधे खड्ड में गिर गई, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

    हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही रोनहाट पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद खड्ड से शव को बाहर निकाला। शव को शिलाई अस्पताल के शव गृह में रखा गया है।

    पुलिस के अनुसार रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।पांवटा साहिब के डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने दुर्घटना में युवक की मौत की पुष्टि की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।